Manipur: महिलाओं से बर्बरता के मामले में बॉलीवुड ने खोला मुंह, अक्षय कुमार ने दिया ऐसा बयान
Manipur Viral Video: मणिपुर में भीड़ द्वारा दो महिलाओं को नग्न घुमाने और फिर उनके साथ सामूहिक बलात्कार करने का भयावह वीडियो सामने आने के बाद से देशभर में हंगामा मचा हुआ है। इस वीडियो के वायरल हो ने के बाद गत 19 जुलाई (बुधवार) रात को देशव्यापी आक्रोश फैलाया गया जिससे सोशल मीडिया पर आम जनता से लेकर सेलेब्स तक ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कुछ बॉलीवुड कलाकार भी मणिपुर हिंसा के खिलाफ ऑनलाइन विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। बॉलीवुड एक्टर्स ने भी दोषियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। इस कड़ी में बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार, एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा और रेणुका सहाणे पूर्वोत्तर राज्य में अराजकता की स्थिति पर चिंता व्यक्त करने वाली हस्तियां हैं। आपको बता दें कि इस समय मणिपुर दो समुदायों, मेइतेई और कुकी के बीच जातीय संघर्ष का खामियाजा भुगत रहा है।

मणिपुर हिंसा पर अक्षय कुमार का बयान
बॉलीवुड के फेमस एक्टर अक्षय कुमार ने पीड़ितों के लिए न्याय की मांग करते हुए अपने ट्विटर हैंडल की मदद ली है। अक्षय कुमार ने ट्वीट करते हुए लिखा है- मणिपुर में महिलाओं के खिलाफ हिंसा का वीडियो देखकर मैं हिल गया और काफी निराश भी हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि दोषियों को इतनी कड़ी सजा मिलेगी कि कोई भी दोबारा ऐसी भयावह हरकत करने के बारे में नहीं सोचेगा।
उर्मिला मातोंडकर ने कही ऐसी बात
इसी बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने इस वीडियो के बारे में एक ट्वीट किया है। उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा है- शर्मनाक! भयानक! अधर्म। वहीं बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर ने भी इस वीडियो की कड़ी निंदा करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है। उर्मिला मातोंडकर ने लिखा है- मणिपुर वीडियो और इस तथ्य से स्तब्ध और भयभीत हूं कि ये क्या हुआ और इस पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई। शर्म आनी चाहिए उन लोगों को जो सत्ता के नशे में चूर ऊंचे घोड़ों पर बैठे हैं, मीडिया के जोकर उन्हें चाट रहे हैं और मशहूर हस्तियां चुप हैं। प्रिय भारतीयों हम यहां कब पहुंचे?
रेणुका शहाणे ने सरकार की विफलता की ओर इशारा किया
बॉलीवुड और टीवी एक्ट्रेस रेणुका शहाणे ने भी इस हिंसा को नियंत्रित करने में सरकार की विफलता की ओर इशारा किया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या मणिपुर में अत्याचारों को रोकने वाला कोई नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है- क्या मणिपुर में अत्याचार रोकने वाला कोई नहीं है? यदि आप दो महिलाओं के उस परेशान करने वाले वीडियो से अंदर तक नहीं हिले हैं, तो क्या खुद को इंसान कहना भी सही है, भारतीय या इंडियन कहने को तो छोड़ ही दें।
वीर दास ने किया ऐसा कमेंट
कॉमेडियन वीर दास ने भी ट्वीट करते हुए लिखा है- एक दोस्त मांग रहा हूं। मुख्यधारा के मीडिया द्वारा प्राइम टाइम पर कवर करने से पहले मणिपुर के लोगों को कितने सम्मेलनों और शिखर सम्मेलनों को प्रायोजित करने की आवश्यकता है। जनता अपने पसंदीदा कलाकारों और खिलाड़ियों पर इस मामले पर बोलने के लिए दबाव डाल रही है क्योंकि कई सोशल मीडिया पोस्ट इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।
विवेक अग्निहोत्री ने कहा- बर्बरता का शिकार महिलाएं होती हैं
वहीं बॉलीवुड के फेमस फिल्म मेकर विवेक अग्निहोत्री ने भी ट्वीट करते हुए लिखा है- मोपला, डायरेक्ट एक्शन डे, नोआखली, बांग्लादेश, पंजाब, कश्मीर, बंगाल, केरल, असम, बस्तर और अब मणिपुर। हर बार अमानवीय, बर्बर कृत्यों का शिकार हमारी निर्दोष माताएं-बहनें ही बनती हैं। एक भारतीय के रूप में, एक पुरुष के रूप में, एक इंसान के रूप में, मैं हर बार टूट जाता हूं। मैं बहुत शर्मिंदा हू। मैं अपनी बेबसी के लिए दोषी हूं। हे मणिपुर, मैंने कोशिश की लेकिन मैं असफल रहा।
'हम खतरनाक राजनीति का शिकार हैं'
'द कश्मीर फाइल्स' के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने आगे लिखा है- अब मैं बस अपने काम के माध्यम से उनकी दुखद कहानियां बता सकता हूं लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। हम सभी चयनात्मक और अति-प्रतिस्पर्धी चुनावी राजनीति के शिकार हैं। हम अति-धर्म के शिकार हैं। हम खतरनाक मीडिया के शिकार हैं। हम भारतवासी पीड़ित हैं। आजाद भारत में कोई # RightToLife नहीं है और हम इसके बारे में कुछ नहीं कर सकते। यह वह आजादी नहीं है जो मैं चाहता हूं। यह उस तरह का लोकतंत्र नहीं है जो मैं चाहता हूं। अगर ये हमें एक-दूसरे के खून के लिए मजबूर करता है तो इसका कोई मूल्य नहीं है। हम एक असफल समाज हैं। मुझे क्षमा करें, मेरी बहनों। मुझे क्षमा करें, मेरी माताओं। मुझे क्षमा करें, भारत माता।
मणिपुर हिंसा ट्विटर पर क्यों ट्रेंड कर रहा है
ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मणिपुर हिंसा की घटना पर देरी से कार्रवाई को लेकर बड़े पैमाने पर आक्रोश दिखाया जा रहा है। इसका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि ये वीडियो गत 4 मई 2023 का है। 'मणिपुर हिंसा', 'बहुत हो गया' जैसे हैशटैग ट्विटर पर बड़े पैमाने पर ट्रेंड कर रहे हैं। इस बीच, पुलिस ने कहा है कि पिछले महीने एक शिकायत दर्ज की गई थी। पुलिस ने बताया कि मामले में अज्ञात हथियारबंद बदमाशों के खिलाफ अपहरण, सामूहिक बलात्कार और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी ट्वीट किया है और कहा है कि इस मामले की जांच चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications