'बॉर्डर 2' की सफलता से झूमें मेकर्स, कर दिया अपनी नई 10 फिल्मों का ऐलान
साल 2026 की शुरुआत भारतीय बॉक्स ऑफिस के लिए बेहद शानदार साबित हुई है। इस साल रिलीज हुई बड़ी फिल्मों में सनी देओल अभिनीत 'बॉर्डर 2' सबसे आगे निकलती नजर आ रही है। फिल्म ने रिलीज के सिर्फ छह दिनों में भारत में 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। जबकि इसका वैश्विक कारोबार लगभग 300 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस उपलब्धि के साथ 'बॉर्डर 2' साल 2026 की पहली हिंदी फिल्म बन गई है, जिसने इतनी कम अवधि में यह आंकड़ा छुआ है।

इस मेगा-ब्लॉकबस्टर को टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार ने प्रोड्यूस किया है। फिल्ममेकर जेपी दत्ता की बेटी निधि दत्ता भी इस फिल्म की प्रोडक्शन टीम का अहम हिस्सा हैं। 'बॉर्डर 2' की सफलता ने न सिर्फ सनी देओल को एक और बड़ी हिट दी है, बल्कि टी-सीरीज को भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है। भूषण कुमार पहले ही संकेत दे चुके हैं कि वह 'बॉर्डर 3' को लेकर भी गंभीर हैं, जिससे साफ है कि यह फ्रेंचाइजी आगे भी जारी रह सकती है।
हालांकि, टी-सीरीज की योजनाएं सिर्फ 'बॉर्डर 2' तक सीमित नहीं हैं। भूषण कुमार ने हाल ही में बताया कि उनकी कंपनी अब एक बड़े क्रिएटिव हब के रूप में काम कर रही है। 2026 और उसके बाद के वर्षों के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है, जिसमें बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के कई बड़े प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। उन्होंने कुल 10 बड़ी फिल्मों का ऐलान किया है, जिन पर भारी निवेश किया जा रहा है।
इन प्रोजेक्ट्स में 'भूल भुलैया 4' और 'धमाल 4' जैसी लोकप्रिय फ्रेंचाइजी शामिल हैं। वहीं, साउथ सिनेमा के बड़े सितारों के साथ भी टी-सीरीज ने मजबूत साझेदारी की है। प्रभास की 'स्पिरिट' और 'फौजी', रणबीर कपूर की 'एनिमल पार्क', ऋषभ शेट्टी की 'जय हनुमान', जूनियर एनटीआर की 'ड्रैगन' और राम चरण-सुकुमार का अगला प्रोजेक्ट इस सूची में प्रमुख हैं।
इसके अलावा कार्तिक आर्यन की अनुराग बसु निर्देशित म्यूजिकल फिल्म भी टी-सीरीज के बैनर तले आएगी। कुल मिलाकर, 'बॉर्डर 2' की रिकॉर्डतोड़ सफलता ने साफ कर दिया है कि आने वाले वर्षों में टी-सीरीज भारतीय सिनेमा की सबसे प्रभावशाली प्रोडक्शन कंपनियों में अपनी पकड़ और मजबूत करने वाली है












Click it and Unblock the Notifications