फेमस साउथ एक्टर के साथ बड़ा हादसा, नशे में ड्राइव कर सड़क पर गाड़ियों को मारी टक्कर, हुआ ऐसा हाल
Mayur Patel Car Accident: साउथ फिल्म इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। खबर है कि मशहूर कन्नड़ अभिनेता मयूर पटेल नशे की हालत में गाड़ी चलाते हुए एक बड़े सड़क हादसे का कारण बन गए हैं।
कन्नड़ अभिनेता मयूर पटेल का कार एक्सीडेंट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बेंगलुरु में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार चलाते हुए मयूर पटेल ने सिग्नल पर खड़ी चार गाड़ियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात ये रही कि इस दुर्घटना में कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है लेकिन कई लोगों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।

ओल्ड एयरपोर्ट रोड पर हुआ हादसा
खबर है कि ये एक्सीडेंट बेंगलुरु के ओल्ड एयरपोर्ट रोड पर स्थित कमांडो अस्पताल सिग्नल के पास हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मयूर पटेल नशे में धुत थे और काफी स्पीड से गाड़ी चला रहे थे। सिग्नल पर रुकी कारों को उन्होंने संभलने का मौका दिए बिना पीछे से टक्कर मार दी।
ड्रिंक एंड ड्राइव टेस्ट में हुआ ऐसा खुलासा
हादसे की सूचना मिलते ही हलासुरु ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और एक्टर मयूर पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। टीवी9 कन्नड़ की खबर के अनुसार पुलिस ने मौके पर ही ड्रिंक एंड ड्राइव टेस्ट कराया जिसमें पुष्टि हुई है कि मयूर पटेल ने खूब शराब पी रखी थी।
श्रीनिवास नामक व्यक्ति ने पुलिस में की शिकायत
-इस मामले में श्रीनिवास नामक व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने एक्टर मयूर पटेल के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने एक्टर की फॉर्च्यूनर कार को भी जब्त कर लिया है। चौंकाने वाली बात ये है कि हादसे में शामिल कार का बीमा भी एक्सपायर हो चुका था। फिलहाल मामला हलासुरु ट्रैफिक पुलिस स्टेशन में दर्ज है और जांच जारी है।
-हादसे में सबसे ज्यादा नुकसान झेलने वाले शिकायतकर्ता श्रीनिवास की कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस स्टेशन के बाहर रोते हुए उन्होंने मीडिया से कहा- मैंने एक हफ्ते पहले ही पत्नी के गहने गिरवी रखकर ये नई कार खरीदी थी।
-श्रीनिवास ने आगे बताया- इसी कार को कंपनी में किराए पर चलाकर घर चलाता हूं। आगामी 5 फरवरी 2026 को पहली किस्त देनी है। अगर कार ठीक नहीं हुई तो कर्ज कैसे चुकाऊंगा? श्रीनिवास की ये आपबीती सुनकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो गए थे।
लापरवाही बन सकती थी जानलेवा
ये हादसा एक बार फिर ड्रिंक एंड ड्राइव की गंभीरता को उजागर करता है। हालांकि इस बार जान-माल का नुकसान नहीं हुआ लेकिन थोड़ी सी और लापरवाही कई जिंदगियों को खतरे में डाल सकती थी।












Click it and Unblock the Notifications