माही विज की बेटी तारा अस्पताल में भर्ती, 104 बुखार में कांपती रही, टेस्ट कराने पर सामने आई ये गंभीर बीमारी
Mahi Vij Daughter Hospitalised: टीवी एक्टर जय भानुशाली और उनकी पत्नी मॉडल-एक्ट्रेस माही विज अपने काम के साथ साथ अपने परिवार को भी पूरा समय देते नजर आते हैं। खासतौर पर माही विज अपने बच्चों के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करती नजर आती हैं। माही विज अक्सर अपनी बेटी तारा के साथ मस्ती करती नजर आती हैं। जय भानुशाली और माही विज की बेटी तारा भी किसी न किसी वजह से सोशल मीडिया पर छाई रहती है। इस बार भी वह सुर्खियों में छाई हुई है लेकिन वह अस्पताल में भर्ती होने की वजह से है। खबर है कि तारा को इन्फ्लुएंजा ए फ्लू हो गया है।
इन्फ्लुएंजा ए फ्लू से ग्रसित है तारा
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो तारा इन्फ्लुएंजा ए फ्लू ग्रसित हो गई हैं और इसी वजह से वह अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत फिलहाल पहले से बेहतर बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि जल्द ही उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज भी कर दिया जाएगा। इस बात की जानकारी तारा की मां माही विज ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को दी है। माही विज ने खुद बताया है कि तारा को ये बीमारी कैसे हुई और अब उसकी हालत कैसी है।

माही विज ने अस्पताल से शेयर की वीडियो
आपको बता दें कि माही विज की बेटी तारा की उम्र 4 साल है। इतनी कम उम्र में ही तारा सोशल मीडिया पर छाई रहती हैं। दरअसल माही विज अपनी बेटी तारा की प्यारी प्यारी रील्स बनाती हैं और उसे सोशल मीडिया पर शेयर करती हैं। ऐसे में इंस्टाग्राम पर तारा की तगड़ी फैन फॉलोइंग हो गई है। लेकिन फिलहाल तारा बहुत बीमार हो गई हैं। मां माही विज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह बेटी के बालों को बांध रही हैं और उसके साथ खेल रही हैं। इस दौरान एक्ट्रेस ये भी बता रही हैं कि कैसे उनकी बेटी को तेज बुखार आया था और फिर बाद में वह फ्लू निकला।
इंस्टाग्राम पर माही विज ने सुनाई पूरी कहानी
माही विज ने वीडियो में बाकी पैरेंट्स से अपने बच्चों का ख्याल रखने की बात भी कही है। माही विज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा है- बुखार माता-पिता को परेशान कर देता है, कभी-कभी उन्हें डरा भी देता है। मैं समझती हूं, क्योंकि गत 17 अगस्त 2023 की रात जब तारा को तेज बुखार आया तो यह हम सभी के लिए एक बुरे सपने जैसा था। उस दिन तारा स्कूल गई थी। ज्यादातर समय, बुखार इतना सीरियस नहीं होता क्योंकि आजकल ये बहुत आम है। लेकिन इस बार हमारी तारा के लिए मामला बहुत गंभीर हो गया था।
तारा को आया था 104 बुखार
माही विज ने आगे लिखा- हमने डॉक्टर से बात कर तारा को दवा दी थी लेकिन उसका बुखार 104 बना रहा। इसके बाद हमें टेंशन होने लगी थी। हमने रात में उस पर पानी की ठंडी पट्टियां भी रखीं। फिर भी वह बुखार से कांप रही थी। मैंने रात 1 बजे डॉक्टर से बात की। मेरी चिंता बढ़ती जा रही थी। सुबह होते ही हम तारा को तुरंत अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसके कुछ टेस्ट्स किए और पता चला कि वह इन्फ्लूएंजा ए फ्लू से संक्रमित थी।
क्या होता है इन्फ्लूएंजा ए फ्लू
इन्फ्लूएंजा ए फ्लू, रेस्पिरेट्री सिस्टम का सबसे वायरल इंफेक्शन है। इसमें तेज बुखार, शरीर में दर्द, खांसी जैसे लक्षण होते हैं। डॉक्टर ने बताया कि ज्यादातर बच्चे फ्लू से ग्रसित होने पर 7 दिनों के अंदर ठीक हो जाते हैं, लेकिन कुछ बच्चों को ये सीरियस बीमारी हो जाती है तो उन्हें अस्पताल में भर्ती भी कराना पड़ता है।
माही विज ने दूसरे पैरेंट्स को दी नसीहत
माही विज ने दूसरे पैरेंट्स को इस फ्लू को हल्के में न लेने और बच्चों की अच्छे से देखभाल करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को फ्लू होने पर पूरा बेड रेस्ट दें और जितना लिक्विड पिला सकते हैं, वो पीने के लिए दें। साथ ही फ्लू शॉट्स भी लेना न भूलें। नाक बहने या बुखार होने पर बच्चों को स्कूल न भेजें। माही विज ने आगे बताया कि अब तारा धीरे धीरे ठीक हो रही है। ऐसे में जल्द ही उसे अस्पताल से घर ले जाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications