Prem Chopra: प्रेम चोपड़ा ने देश के जवानों को समर्पित की अपनी जीवनी, 11 साल बाद फिर हुआ विमोचन!
Prem Chopra Autobiography: मुंबई में आयोजित 'ग्लोबल आइकॉनिक बिज़नेस एंड एंटरटेनमेंट अवॉर्ड (GIEBA) 2025' एक यादगार पल का गवाह बना, जब भारतीय सिनेमा के लीजेंड अभिनेता प्रेम चोपड़ा ने अपनी आत्मकथा 'प्रेम नाम है मेरा - प्रेम चोपड़ा' को एक बार फिर विमोचित किया।
खास बात यह रही कि इस बार यह पुस्तक उन्होंने देश के जांबाज सैनिकों को समर्पित की। इस गौरवशाली मौके पर भारतीय वायुसेना के एयर मार्शल पवन कपूर और सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरीन ने पुस्तक का औपचारिक विमोचन किया। इस दौरान प्रेम चोपड़ा की पुत्री और पुस्तक की लेखिका रकिता नंदा भी उनके साथ मौजूद थीं।

देश के जवानों को समर्पित एक अनोखी भेंट
विमोचन के दौरान प्रेम चोपड़ा ने सेना के जवानों को सलाम करते हुए कहा,
"मुझे गर्व है कि मैं आज इस मंच पर देश के वीर जवानों से मिल रहा हूं। जिन्होंने अपने बलिदान से हमारी रक्षा की है, यह पुस्तक मैं उन्हीं को समर्पित करता हूं।"
प्रेम चोपड़ा को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
भारतीय सिनेमा में अपने अविस्मरणीय योगदान के लिए प्रेम चोपड़ा को 'GIEBA 2025' में लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार पाकर उन्होंने अपनी खुशी जाहिर की और कहा कि भारतीय सिनेमा से उन्हें जो प्रेम और सम्मान मिला है, वह उनके लिए अनमोल है।
लीना चंदावरकर, उदित नारायण समेत कई दिग्गज हुए सम्मानित
इस खास आयोजन में सिनेमा और संगीत जगत की कई हस्तियों को सम्मानित किया गया। दिग्गज अभिनेत्री लीना चंदावरकर को भी लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया। इसके अलावा, बॉलीवुड के मशहूर गायक उदित नारायण, अभिनेत्री फरीदा जलाल, गीतकार समीर अंजान, गायक सुदेश भोसले, संगीतकार जोड़ी मीट ब्रदर्स और अभिनेत्री अर्शी खान भी इस भव्य समारोह का हिस्सा बने।
कंगना रनौत और प्रसून जोशी को मिला ग्लोबल आइकॉनिक अवॉर्ड
फिल्म इंडस्ट्री में अपने प्रभावशाली योगदान के लिए अभिनेत्री कंगना रनौत और गीतकार-लेखक प्रसून जोशी को ग्लोबल आइकॉनिक एंटरटेनमेंट और बिज़नेस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
GIEBA 2025: ग्लैमर, सम्मान और प्रेरणा से भरा एक यादगार आयोजन
GIEBA 2025 ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि भारतीय सिनेमा और बिज़नेस जगत की दिग्गज हस्तियों को सम्मानित करने का यह मंच न केवल ग्लैमर और चमक-धमक से भरपूर है, बल्कि प्रेरणा और देशभक्ति का भी संदेश देता है।












Click it and Unblock the Notifications