ठंडे बस्ते में गई ऋतिक रोशन की 'कृष 4', फिल्म का बजट सुन YRF ने किया तौबा
Krrish 4 Delay: ऋतिक रोशन की सुपरहिट सुपरहीरो फ्रैंचाइज़ी 'कृष' के फैंस को एक बार फिर निराशा हाथ लगी है। लंबे समय से इंतज़ार कर रही फिल्म 'कृष 4' एक बार फिर टल गई है। इसकी सबसे बड़ी वजह फिल्म का बहुत बड़ा बजट बताया जा रहा है। इस फिल्म से ऋतिक रोशन निर्देशन की दुनिया में कदम रखने वाले थे और इसमें वह टाइम ट्रैवल पर आधारित कहानी में तीन अलग-अलग किरदार निभाने वाले हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'कृष 4' के बजट को लेकर ऋतिक रोशन और यशराज फिल्म्स के मालिक आदित्य चोपड़ा के बीच सहमति नहीं बन पाई। कहा जा रहा है कि ऋतिक इस फिल्म को करीब 500 करोड़ रुपये के बजट में बनाना चाहते हैं, जबकि आदित्य चोपड़ा का मानना है कि फिल्म का बजट 350 करोड़ रुपये तक सीमित होना चाहिए। इसी मतभेद के चलते फिलहाल इस प्रोजेक्ट को रोक दिया गया है।
गौरतलब है कि 'कृष 3' साल 2013 में रिलीज़ हुई थी और तब से इसके अगले भाग को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं। फ्रैंचाइज़ी की पहली तीनों फिल्मों का निर्देशन ऋतिक के पिता राकेश रोशन ने किया था। उन्होंने पहले भी बताया था कि बड़े स्तर और बजट की वजह से फिल्म में देरी हो रही है।
पिछले साल ऋतिक ने खुद साफ किया था कि वह 'कृष 4' पर बतौर अभिनेता और निर्देशक दोनों रूपों में काम कर रहे हैं। मार्च 2025 में यशराज फिल्म्स ने इस प्रोजेक्ट को संभालने की जिम्मेदारी ली थी, लेकिन अब बजट को लेकर मामला फिर अटक गया है।
ऋतिक का मानना है कि आज के दौर में दर्शक मार्वल और डीसी जैसी इंटरनेशनल सुपरहीरो फिल्में आसानी से देख रहे हैं। ऐसे में 'कृष 4' को भी विज़ुअल इफेक्ट्स और तकनीक के मामले में अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाना जरूरी है, जिसके लिए बड़ा बजट चाहिए।
वहीं, आदित्य चोपड़ा बाजार की अनिश्चित स्थिति को देखते हुए इतना बड़ा निवेश करने से बचना चाहते हैं। उनका फोकस इस बात पर है कि फिल्म का बजट कंट्रोल में रहे, ताकि नुकसान का जोखिम कम हो। इसी वजह से यशराज फिल्म्स फिलहाल 500 करोड़ के बजट पर आगे बढ़ने के लिए तैयार नहीं है।
बताया जा रहा है कि ऋतिक ने इस स्थिति को समझदारी से लिया है और अब वह फिल्म की स्क्रिप्ट को नए सिरे से बजट के हिसाब से ढालने पर विचार कर रहे हैं। साथ ही, वह दूसरे स्टूडियोज़ से फंडिंग को लेकर बातचीत भी कर रहे हैं।
ऋतिक चाहते हैं कि 'कृष 4' को साल 2027 में रिलीज़ किया जाए। हालांकि, यशराज फिल्म्स के पीछे हटने के बाद इस प्रोजेक्ट पर काम दोबारा शुरू करना पड़ेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'कृष 4' पर पूरी तरह लौटने से पहले ऋतिक एक और फिल्म करने की योजना बना रहे हैं और जल्द ही किसी नई स्क्रिप्ट को फाइनल कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications