नीरज चोपड़ा के बहाने KRK ने अक्षय को घेरा, कहा- अब पता चलेगा तुम भारत छोड़कर कनाडा क्यों गए
मुंबई, 10 अगस्त: हाल ही में खत्म हुए टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने भारत को जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल दिलाया है। इस ओलंपिक का ये एकमात्र गोल्ड है, जो भारत को मिला है। स्वर्ण पदक जीतने के बाद हर ओर नीरज की ही चर्चा है। उनकी जिंदगी पर फिल्म बनाने की बात भी की जाने लगी। सोशल मीडिया पर अक्षय कुमार को नीरज का रोल करने से लिए सबसे सही एक्टर बताया गया तो एक्टर ने कहा कि वो चाहते हैं कि नीरज मेरी जिंदगी पर बनने वाली फिल्म में मेरा रोल करे। अक्षय के इस बयान पर खुद को फिल्म क्रिटिक कहने वाले कमाल आर खान (केआरके) ने उन पर निशाना साधा है।

अक्षय को लेकर क्या बोले हैं केआरके
अक्सर फिल्म स्टार्स को लेकर बयान देने वाले केआरके ने एक ट्वीट कर लिखा है- अक्षय कुमार ने कहा है उनकी बायोपिक में उनका रोल नीरज चोपड़ा निभाएं। अक्की भाई यह एक अच्छा विचार है। कम से कम लोगों को तो पता चल ही जाएगा कि कनाडाई बनने के लिए आपने भारतीय नागरिकता क्यों छोड़ दी। साथ ही ये भी कि आपने कनाडा मैं कितना माल पार किया और कैसे किया? मैं तो पहला शो देखूंगा। बता दें कि अक्षय कुमार कनाडा के नागरिक हैं, इसी को लेकर केआरके ने उनको निशाना बनाया है।

क्या कहा था अक्षय ने
2018 में एक इंटरव्यू में बात करते हुए नीरज ने अपनी बायोपिक को लेकर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि उनकी बायोपिक के लिए अभिनेता रणदीप हुड्डा और अक्षय कुमार उनकी पसंद हैं। अब एक बार फिर उनकी बायोपिक की चर्चा शुरू हुई तो अक्षय कुमार को लेकर का नाम सोशल मीडिया पर आया। इस पर अक्षय से पूछा गया तो उन्होंने हंसते हुए कहा, मुझे लगता है कि नीरज गुड लुकिंग हैं। मैं तो कहूंगा कि अगर मेरी बायोपिक बने तो वे उसमें लीड रोल निभाएं।

क्यों चर्चा में हैं नीरज चोपड़ा
हरियाणा से आने वाले नीरज चोपड़ा जैवलिन थ्रोअर हैं। नीरज चोपड़ा ने बीते शनिवार को टोक्यो ओलंपिक में गजब का प्रदर्शन करते हुए 87.58 मीटर बेस्ट थ्रो करके जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। ऐसा कर उन्होंने इतिहास रच दिया है। नीरज ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने हैं। ओलंपिक के व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। नीरज से पहले सिर्फ अभिनव बिंद्रा ने 2008 में बीजिंग ओलंपिक में 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में गोल्ड जीता है।












Click it and Unblock the Notifications