Adipurush: कृति सेनन अपने परिवार और स्कूल स्टूडेंट्स संग देखेंगी 'आदिपुरुष', बुक किया दिल्ली में पूरा थिएटर
Adipurush Kriti Sanon: बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन इस समय सुर्खियों में छाई हुई हैं। फिल्म 'आदिपुरुष' भले ही विवादों में घिरी हो लेकिन दर्शकों ने कृति सेनन की एक्टिंग की तारीफ की है। हालांकि कृति को फिल्म में ज्यादा स्क्रीन स्पेस नहीं मिला है। आपको बता दें कि इस फिल्म में कृति सेनन ने माता सीता का रोल निभाया है। इसी बीच कृति सेनन ने दिल्ली में एक मल्टीप्लेक्स का एक पूरा शो बुक कर लिया है। खबर है कि कृति सेनन अपने परिवार और अपने बचपन के स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को फिल्म आदिपुरुष दिखाने वाली हैं।
बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन और साउथ के सुपरस्टार प्रभास की फिल्म 'आदिपुरुष' ने कई आलोचनाओं और विरोध के बीच 5 दिनों में करीब 250 करोड़ रुपए का कुल कारोबार कर लिया है। हालांकि, पहले सोमवार से ही फिल्म की कमाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। फिल्म ने अब तक हिंदी वर्जन से 126.25 करोड़ रुपये और तेलुगू में 115.55 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। वैसे फिल्म को लेकर विरोध अभी भी जारी हैं।

कृति सेनन ने दिल्ली में बुक किया थिएटर
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक कृति सेनन ने आज यानी 21 जून को दिल्ली के एक मल्टीप्लेक्स में एक पूरा शो बुक किया है। वह इस स्पेशल स्क्रीनिंग के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम के छात्रों को अपने साथ ले जाएंगी और फिल्म दिखाएंगी। कृति सेनन का मानना है कि आदिपुरुष महाकाव्य 'रामायण' पर आधारित है और बच्चों को यह खास तौर पर देखनी चाहिए। आपको बता दें कि इस स्पेशल स्क्रीनिंग में कृति सेनन की फैमिली भी शामिल होगी।
स्कूल के बच्चों के साथ कृति देखेंगी फिल्म
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्क्रीनिंग में कितने बच्चे शामिल होंगे इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि दिल्ली का ये थिएटर 300 सीटों वाला ऑडिटोरियम है, इसलिए भारी भीड़ की उम्मीद की जा सकती है। वहीं दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम के स्टूडेंट्स भी इस स्पेशल शो के लिए काफी एक्साइटेड हैं, क्योंकि उन्हें अपने स्कूल से पासआउट एक्ट्रेस कृति सेनन के साथ ये फिल्म देखने को मिलेगी।
बच्चों के साथ मूवी को लेकर करेंगी बात
खबर है कि फिल्म देखने के बाद कृति सेनन इस मूवी को लेकर बच्चों के साथ बातचीत भी करेंगी। कृति सेनन और बच्चों की सिक्योरिटी का ध्यान रखते हुए स्पेशल स्क्रीनिंग से पहले मल्टीप्लेक्स टीम सारे इंतजाम करने में जुट गई है।
दिल्ली की रहने वाली हैं कृति सेनन
आपको बता दें कि बॉलीवुड एक्ट्रेस दिल्ली की रहने वाली हैं। हालांकि अपने फिल्मी करियर के चलते वह अब मुंबई में रहती हैं। कृति का अपने स्कूल से बहुत जुड़ाव है इसलिए वह कुछ समय पहले को-एक्टर वरुण धवन के साथ दिल्ली पब्लिक स्कूल में फिल्म 'भेड़िया' का भी प्रमोशन करने के लिए पहुंची थीं। इसके अलावा कृति ने एक वीडियो मैसेज में स्कूल के 50 साल पूरे होने पर बधाई भी दी थी।












Click it and Unblock the Notifications