KGF-2 ने पहले दिन तोड़े कमाई के रिकॉर्ड, किया 134 करोड़ का कलेक्शन
मुंबई, 15 अप्रैल: डायरेक्टर प्रशांत नील की फिल्म 'केजीएफ 2' ने सिनेमाघरों में जबरदस्त शुरुआत की है। 14 अप्रैल को रिलीज हुई एक्टर यश की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म ने पहले दिन रिकॉर्ड कमाई की है। फिल्म ने तमिल-तेलुगू भाषाओं यानी साउथ इंडिया में तो अपना दम दिखाया ही है, हिन्दी में भी बढ़िया कमाई की है।

पहले दिन तोड़े कमाई के रिकॉर्ड
करीब डेढ़ सौ करोड़ के बजट में बनी फिल्म 'केजीएफ 2' ने पहले ही दिन अपने बजट के बराबर कमाई कर ली है। समीक्षकों से तारीफ पा रही केजीएफ-2 को लेकर ट्रेड एनेलिस्ट तरण आदर्श ने बताया है कि फिल्म ने पहले दिन भारत में 134.50 करोड़ की कमाई की है।

हिन्दी में भी तगड़ी कमाई
केजीएफ-2 कई भाषाओं में रिलीज हुई है। फिल्म के मुख्य एक्टर यश भले ही साउथ से आते हैं लेकिन वो हिन्दी सिनेप्रेमियो का दिल जीतने में कामयाब रहे हैं। केजीएफ-2 के हिन्दी वर्जन ने पहले दिन 53.95 करोड़ कमाए हैं। ये वार की पहले दिन की कमाई (51.60 करोड़) और ठग ऑफ हिन्दुस्तान के पहले दिन के कलेक्शन (50.75 करोड़) से ज्यादा है।

2018 में आया था पहला भाग
इस फिल्म का पहला पार्ट KGF साल 2018 में रिलीज हुआ था। यश अभिनीत केजीएफ को भी काफी पसंद किया गया था और इसने तब रिकॉर्ड कमाई की थी। केजीएफ उस समय कन्नड़ इंडस्ट्री की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई थी। करीब चार साल बाद अब 'केजीएफ चैप्टर 2' आई है। इस पार्ट में यश के साथ-साथ हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता संजय दत्त और अभिनेत्री रवीना टंडन ने काम किया है। इनके अलावा फिल्म में प्रकाश राज, ईश्वरी राव, राव रमेश जैसे कलाकार भी नजर आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications