'लाइफ अब कभी पहले जैसे नहीं हो पाएगी...', रसिक के जाने के बाद छलका पत्नी केतकी का दर्द
रसिक के निधन के बाद उनकी पत्नी केतकी दवे ने अपने पति के जाने के बाद लाइफ को लेकर कुछ अहम बातों का खुलासा किया है।
मुंबई, 30 जुलाई: थियेटर की दुनिया के जाने-माने चेहरे और टीवी एक्टर रसिक दवे का शुक्रवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। रसिक दवे पिछले करीब 4-5 साल से किडनी की समस्या से जूझ रहे थे और डाइलिसिस पर थे। रसिक दवे ने 1980 के दशक में आए मशहूर पौराणिक सीरियल महाभारत में नंद की भूमिका निभाई थी। उनके परिवार में उनकी पत्नी केतकी दवे, एक बेटा और एक बेटी है। रसिक के निधन के बाद उनकी पत्नी केतकी दवे ने अपने पति के जाने के बाद लाइफ को लेकर कुछ अहम बातों का खुलासा किया है।

'नहीं चाहते थे कि बीमारी को लेकर कोई बात करे'
बॉम्बे टाइम्स की खबर के मुताबिक, केतकी दवे ने बताया, 'जब कुछ साल पहले हमें रसिक की किडनी की समस्या का पता चला, तभी से जीवन कठिन हो गया था। रसिक नहीं चाहते थे कि घर में उनकी बीमारी को लेकर कोई बात करे। इसलिए, हमने कभी किसी से उनकी बिगड़ती तबीयत को लेकर कोई जिक्र नहीं किया। वो अपनी बातें निजी रखना चाहते थे और उन्हें भरोसा था कि वो ठीक हो जाएंगे।'

'वो लगातार कहते रहे- शो मस्ट गो ऑन'
केतकी दवे ने आगे बताया, 'लेकिन सच यही था कि हम जानते थे कि वो ठीक नहीं होंगे। पिछले कुछ दिनों में तो वो मुझे बताने लगे थे कि कैसे मुझे आगे बढ़कर काम को जारी रखना है। मुझे एक प्ले करना था और मैंने उसने बताया भी कि इस स्थिति में मैं काम नहीं कर पाऊंगी। लेकिन, वो लगातार कहते रहे- 'शो मस्ट गो ऑन' और तुम्हें किसी भी स्थिति में काम करना बंद नहीं करना चाहिए।'

'इस कठिन वक्त में भी वो मेरे साथ हैं'
अपने पति रसिक के अंतिम दिनों का जिक्र करते हुए केतकी ने बताया, 'तबीयत बिगड़ने के बाद भी वो कहते रहे कि सब ठीक हो जाएगा और मुझे उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए। आज मैं सबकुछ बहादुरी से संभाल रही हूं, क्योंकि मुझे एहसास है कि इस कठिन वक्त में भी वो मेरे साथ हैं। मेरे पास मेरे परिवार के सदस्य, मेरी मां, मेरे बच्चे, मेरी सास हैं और वो सभी मेरा सबसे बड़ा सहारा हैं, लेकिन मुझे अपने पति की बहुत याद आती है।'

'मां, मेरे लिए सबसे बड़ी सपोर्ट बनकर सामने आई'
केतकी दवे ने यह भी बताया कि कैसे उनकी मां सरिता जोशी ने पिछले दो सालों के दौरान लाइफ को संभालने में उनकी मदद की। केतकी ने कहा, 'जब डॉक्टरों ने हमें बताया कि रसिक को किडनी की समस्या है तो मैं पूरी तरह टूट गई। उस दौरान मेरी मां, मेरे लिए सबसे बड़ी सपोर्ट बनकर सामने आई। मां अक्सर बताती थीं कि भले ही हमारे ऊपर कितनी बड़ी मुसीबत आए, लेकिन उस मुसीबत को कभी हमें अपने ऊपर हावी नहीं होने देना चाहिए।'

'जीवन अब कभी पहले जैसा नहीं होगा'
केतकी ने आगे कहा, 'मां मुझे समझाती रहीं, जीवन को अपनी शर्तों पर जीना होता है और आपके सामने जो भी चुनौतियां आएं, उनका बहादुरी से सामना करना पड़ता है। जब-जब मैं कमजोर पड़ी, मेरी मां ने मुझे हिम्मत दी और कहा कि उठो और इसका सामना करो, तुम इस तरह कमजोर नहीं पड़ सकती। मैं आज वही सब करने की कोशिश कर रही हूं, लेकिन जीवन अब कभी पहले जैसा नहीं होगा।'

'लाइफ के हर मोड़ पर मैं रसिक को मिस करूंगी'
रसिक दवे को याद करते हुए केतकी ने कहा, 'लाइफ के हर मोड़ पर मैं रसिक को मिस करूंगी। परिवार में सब हैं- मां, सास और बच्चे लेकिन उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। हमारी पहली मुलाकात 1979 में एक प्ले के सेट पर ही हुई थी। जब हम दोनों ने एक दूसरे को देखा तो देखते ही पसंद करने लगे। हमने कई प्ले और टीवी शो में एक साथ काम किया और उसी दौरान दोनों के बीच प्यार हो गया। इसके बाद 1983 में हम दोनों ने शादी कर ली।'

'मेरी शादी के 40 साल बहुत खुशी से गुजरे'
केतकी दवे ने आगे बताया, 'रसिक बहुत सीधे-सादे और जीवन को पूरी तरह से जीने में विश्वास रखने वाले इंसान थे। वो कभी किसी चीज में नहीं फंसते थे और मुझे हमेशा लाइफ के उतार-चढ़ाव का मजबूती से सामना करने के लिए प्रेरित करते थे। यहां तक कि अगर हमारे बीच झगड़े भी होते थे, तो बहुत जल्द सुलझ जाते थे। मैं कह सकती हूं कि मेरी शादी के 40 साल बहुत खुशी से गुजरे क्योंकि वो एक ऐसे इंसान थे, जो मानते थे कि जीवन को अच्छी तरह से जीना चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications