KBC 15: आजमगढ़ के मकैनिक के बेटे जसलीन कुमार ने जीते एक करोड़ रुपये, खोल दिया हॉट सीट पर पहुंचने का राज
Kaun Banega Crorepati 15: टीवी के फेमस क्विज रिएलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के 15वें सीजन में कुछ दिनों पहले ही पंजाब के रहने वाले एक कंटेस्टेंट ने एक करोड़ रुपए जीते थे। अब एक बार फिर से इस सीजन को एक नया करोड़पति मिल गया है। केबीसी 15 में एक करोड़ रुपये जीतने वाले जसलीन कुमार उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के रहने वाले हैं। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के जसलीन कुमार इस सीजन के दूसरे करोड़पति बने हैं।
जसलीन कुमार बनें सीजन के दूसरे करोड़पति
जसलीन कुमार विकासखंड रानी की सराय के अवंतिकापुरी गांव के एक साधारण परिवार के मोटर मैकेनिक रामसूरत चौहान के बेटे हैं। केबीसी 15 में जब उन्होंने अपने और अपने परिवार के बारे में कैमरे पर बताया तो शो के होस्ट बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन भी इमोशल हो गए थे।

गार्मेंट शोरूम में काम करते हैं जसलीन कुमार
जसलीन कुमार ने बताया कि वह यूपी के आजमगढ़ शहर के एक गार्मेंट शोरूम में बतौर सेल्समैन काम करते हैं। उन्होंने केबीसी 15 के होस्ट अमिताभ बच्चन से बात करते हुए बताया कि पैसों के अभाव में वह ग्रेजुएशन भी पूरी नहीं कर पाए थे। आपको बता दें कि करोड़पति बने जसलीन कुमार के पिता एक मोटर मैकेनिक हैं जबकि उनकी मां राधिका देवी हाउस वाइफ हैं। जसलीन कुमार की शादी भी हो चुकी है और उनके दो बच्चे भी हैं।
जसलीन ने कहा- मैं इन पैसों से पक्का घर बनवाउंगा
कौन बनेगा करोड़पति शो में एक करोड़ रुपये जीतने वाले जसलीन कुमार से जब ये पूछा गया कि वह इन पैसों से क्या करेंगे तो उन्होंने कहा कि पहले तो वह अपना कच्चा मकान गिरवाकर पक्का घर बनवाएंगे। उसके बाद शहर में जमीन लेकर दो कमरे का घर और बनवाएंगे ताकि बच्चों की पढ़ाई शहर में अच्छे से हो सके।
'अखबार पढ़ने से मिल जाती है सारी जानकारी'
एबीपी से बात करते हुए जसलीन कुमार ने कहा- केबीसी में जाने की तैयारी करने के लिए मैंने कुछ खास नहीं किया। मुझे बहुत पहले से ही अखबार पढ़ने की आदत है। साल 1998 से मैं लगातार अखबार पढ़ रहा हूं। इससे राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल, राजनीति और मनोरंजन, हर क्षेत्र की जानकारी मुझे आसानी से मिल जाती है। मैंने एक करोड़ और सात करोड़ रुपये के सवाल के लिए उन जानकारियों की एक नोटबुक तैयार की थी।
'हॉट सीट तक पहुंचने में मुझे 12 साल लगे'
जसलीन कुमार ने आगे बताया- हॉट सीट तक पहुंचने में मुझे 12 साल लग गए। मुझे पता था कि केबीसी में पहुंचकर ही मेरी परिस्थितियां सुधर सकती हैं और मेरे सपने भी पूरे हो सकते हैं। अमिताभ बच्चन के जैकेट गिफ्ट करने के बारे में जसलीन ने कहा- मुंबई में प्रोग्राम के दौरान सेट का तापमान बहुत कम था, मुझे खेल के दौरान काफी ठंड लग रही थी तो मैंने ये बात अमिताभ बच्चन सर को बताई। इसके बाद उन्होंने अपनी जैकेट को उतारकर मुझे दे दी।
जसलीन को अमिताभ बच्चन से मिला जैकेट
जसलीन कुमार ने कहा- बिग बी से जैकेट मिलना और उनके गले लगना मेरी जिंदगी के अनमोल पलों में से एक था। ये किस्सा मुझे हमेशा याद रहेगा। मैंने उस जैकेट को एकदम संभालकर और पैक करके रख दिया है। वहीं शो में जीते गए एक करोड़ रुपए को लेकर जसलीन ने कहा कि वह सबसे पहले अपना पक्का घर बनावाएंगे। एक पक्का घर उनके पैरेंट्स का सपना है और वो उस सपने को पूरा करना चाहते हैं।
छोटा स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं जसलीन
जसलीन ने कहा कि इसके अलावा बाकी बचे पैसों से वह अपना एक छोटा स्टार्टअप भी शुरू करना चाहते हैं। जसलीन ने कहा- मेरी पत्नी को भी ब्यूटी पार्लर खोलना है तो मैं उसकी भी मदद करूंगा। साथ ही बच्चों को भी अच्छे से पढ़ाऊंगा। आपको बता दें कि जसलीन कुमार के एक करोड़ रुपए जीतने का एपिसोड आज यानी 21 सितंबर 2023 को रात 9 बजे सोनी टीवी पर प्रसारित होगा।












Click it and Unblock the Notifications