KBC 14: जब बोले अमिताभ- 'ये धूल नहीं है धरा हमारी, ये सदियों का अभिमान है', गर्व से छलछला उठीं आंखें
नई दिल्ली, 08 अगस्त। 'कौन बनेगा करोड़पति' के 14वां सीजन की धमाकेदार शुरुआत हो चुकी है, रविवार रात प्रसारित हुए इस कार्यक्रम में आजादी का 'अमृत महोत्सव' सेलिब्रेट किया गया, जिसे देखने के बाद हर किसी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। शो की शुरुआत शो के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने खास अंदाज में की, जिसे देखकर हर कोई रोमांचित हो गया। केबीसी के इस सीजन की शुरुआत कुल 232 दिनों के बाद हुई है लेकिन जैसे ही अमिताभ ने हाथ जोड़कर मुस्कुराते हुए 'देवियों-सज्जनों' का स्वागत किया वैसे ही उन लोगों का इंतजार उसी वक्त खत्म हो गया, जो कि बेसब्री से इसके 14वें सीजन के शुरु होने की राह देख रहे थे।

दिल छू लेने वाली कविता
और यही नहीं जब शो की शुरुआत अमिताभ ने दिल छू लेने वाली कविता से की तो वहां मौजूद हर इंसान का सीना गर्व से चौड़ा और आंखें खुशी से छलछला उठीं।

वो भारत देश महान है, वो भारत देश महान है.
उन्होंने कहा कि..
- हम उन वीरों के वंशज है
- जो भाल पर काल सजाते थे
- जाति-पाति और धर्म छोड़कर
- देश पर प्राण गंवाते थे
- चीर अखंड रखना है हमको
- अमृत विजय महोत्सव को
- प्राणों की उन आहूतियों पर
- नतमस्तक हिंदुस्तान है
- ये धूल नहीं है धरा हमारी
- ये सदियों का अभिमान है
- सौ जनम भी जिसपर न्यौछावर
- वो भारत देश महान है
- वो भारत देश महान है

शो में चार चांद लग गए
अमिताभ के मुख से इन लाइनों को सुनने के बाद पूरा हाल तालियों से गूंज उठा। इसके बाद शो में मुख्य अतिथि के तौर पर आमिर खान, कारगिल हीरो मेजर डीपी सिंह , सेना मैडल गैलेंट्री कर्नल मिताली मधुमिता, पद्म विभूषण एमसी. मैरी कॉम और पद्मश्री सुनील छेत्री पहुंचे थे। जिनकी उपस्थिति ने शो में चार चांद लगा दिए।

'लाइट, कैमरा और परफेक्शन'
शो के दौरान अमिताभ ने सभी सितारों की जमकर तारीफ की। उन्होंने आमिर को जब हॉट सीट पर बुलाया तो उन्होंने कहा कि 'आम तौर पर हम लोग लाइट, कैमरा और एक्शन की बात करते हैं लेकिन बॉलीवुड के एक शक्स ऐसे हैं जो कि लाइट, कैमरा और परफेक्शन की बातें करते हैं और वो हैं मिस्टर आमिर खान।'
फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा'
आमिर खान, खुद बिग बी के मुंह से अपने लिए ये शब्द सुनकर खुशी से फूले नहीं समाए। आपको बता दें कि आमिर शो में अपनी फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा' का प्रमोशन करने के लिए आए थे, जो कि 11 अगस्त को रिलीज होने वाली है।
रात नौ बजे सोनी टीवी पर देखें KBC 14
शो में आमिर खान और मेजर डीपी सिंह ने 50 लाख और मैरी कॉम- सुनील छेत्री ने मिलकर 12 लाख पचास हजार रु की धनराशि जीती, जिन्हें ये सभी लोग डोनेट करेंगे। कुल मिलाकर शो का पहला एपीसोड काफी धमाकेदार रहा। आज से शो में आम लोग प्रतियोगी के रूप में नजर आएंगे और शो रात नौ बजे सोनी टीवी पर प्रसारित होगा।












Click it and Unblock the Notifications