KBC 14: सीजन की पहली करोड़पति कविता ने रचा इतिहास लेकिन अमिताभ को याद आया 'रावण', क्यों?
नई दिल्ली, 20 सितंबर। सोनी टीवी के लोकप्रिय शो ' कौन बनेगा करोड़पति' के 14वें सीजन को पहला करोड़पति मिल गया है और खास बात ये है कि इस सीजन की पहली करोड़पति एक महिला हैं, जिनका नाम हैं कविता चावला। कोल्हापुर की रहने वाली कविता एक हाउसवाइफ हैं और केवल 12वीं तक उन्होंने शिक्षा प्राप्त की है लेकिन अपने ज्ञान के दम पर उन्होंने आज केवल एक करोड़ रु ही नहीं जीते बल्कि वो लाखों-करोड़ों लोगों के लिए एक मिसाल भी बन गई हैं।

'आखिरकार मैंने एक रिकॉर्ड बना लिया'
IndiaToday.in से खास बातचीत करते हुए कविता ने कहा कि 'शो में आने से पहले मैं यही सोचती थी कि मैं यहां से पैसे जीतकर जाऊं और एक रिकॉर्ड बनाऊं,इसी कोशिश में मैं सालों से लगी हुई थी और आखिरकार ईश्वर ने मेरी सुन ली और मैंने वो कर दिखाया जो मैंने सोचा था।'

'... जैसे केक पर चेरी होती है'
केबीसी के 14वें सीजन की पहली करोड़पति बनने पर खुशी जताते हुए कविता ने कहा कि 'ये मेरे लिए ठीक वैसे ही है जैसे केक पर चेरी होती है। मैं बहुत खुश हूं। इसी के साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि उन्होंने किस तरह से केबीसी में आने के लिए तैयारी की है।'

'केबीसी में आने के लिए कोई खास पुस्तक नहीं खरीदी'
उन्होंने कहा कि 'केबीसी में आने के लिए कोई खास पुस्तक नहीं खरीदी और ना ही किसी विशेष चैनल से शिक्षा अर्जित की, बस मैं अपने बच्चे को पढ़ाते वक्त खुद भी पढ़ा करती थी और महत्वपूर्ण बातों को अंडर लाइन किया करती थी और केबीसी के बहुत गौर से देखा करती थी कि वहां किस तरह से सवाल पूछे जा रहे हैं।'
'केबीसी केवल एक गेम शो नहीं है बल्कि सम्मान का मंच है'
कविता ने कहा कि 'केबीसी केवल एक गेम शो नहीं है, जहां इंसान पैसे जीतता है बल्कि ये वो प्लेटफार्म है जहां इंसान को सम्मान मिलता है। ये गौरव प्रदान करने वाला मंच है। मैं शो में इस विश्वास के साथ गई थी कि मैं घर करोड़पति बनकर ही लौटूंगी।' फिलहाल कविता अब 7.5 करोड़ का सवाल खेलने जा रही हैं, अब वो इसका जवाब देती हैं या नहीं ये देखने के लिए आपको आज रात का ऐपीसोड देखना होगा।

'अंग्रेजी स्टाइल में गाती हैं बॉलीवु़ड के गाने'
आपको बता दें कि कविता चावला बहुत ही सकारात्मक और मस्त मौला मिजाज की मालकिन हैं, वो खुद को ही एंटरटेन करती रहती हैं। इस बात का खुलासा उन्होंने खुद ही शो में किया। उन्होंने बताया कि वो हिंदी गाने को अंग्रेजी स्टाइल से गाती हैं और उन्होंने शो में लता जी के मशहूर गीत 'गुम है किसी के प्यार में...' को अंग्रेजी स्टाइल में गाकर भी सुनाया, जिसे देखकर शो के होस्ट अमिताभ बच्चन भी हैरान रह गए।
राक्षसों की तरह हंस सकती हैं कविता
इसके बाद कविता ने अपने से जुड़ी एक और खास बात वहां बताई। दरअसल उनसे शो में रामायण से जुड़ा एक प्रश्न किया गया था, जिसका सही जवाब देते हुए कविता ने कहा कि 'लॉकडाउन के दौरान टीवी पर उन्होंने रामायण शो देखा था। शो में राक्षसों की हंसी को देखकर वो भी उनकी तरह से हंसने लग गई हैं।' जिस पर अमिताभ बच्चन ने उन्हें ऐसा करके दिखाने को कहा तो उन्होंने फिर रावण की तरह अट्टहास करके दिखाया।
रावण की तरह हंसी
जिसके बाद अमिताभ ने शो के दर्शकों को भी ऐसा करके दिखाने को कहा , जिसके बाद शो के दर्शक भी जोर-जोर से हंसने लगते हैं, जिस पर चुटकी लेते हुए अमिताभ कहते हैं कि 'ये पहली बार है जब लोग रावण की तरह हंस रहे हैं।'












Click it and Unblock the Notifications