'काजोल मेरी पहली पसंद नहीं थीं, मैं तो ऐश्वर्या राय को.....', करण जौहर ने कास्टिंग को लेकर किया बड़ा खुलासा
Karan Johar: करण जौहर ने फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' में काजोल की जगह ऐश्वर्या राय को कास्ट करने का मन बनाया था। लेकिन बाद में काजोल ने ही इस मूवी में काम किया और करण ने ऐश्वर्या का अवसर खो दिया था।

Karan Johar: बॉलीवुड के फेमस फिल्म मेकर करण जौहर इस समय सोशल मीडिया पर छाए हुए है। उनका एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह काजोल और ऐश्वर्या राय की कास्टिंग को लेकर बात कर रहे हैं। करण जौहर ने खुद बताया था कि वह साल 2001 में रिलीज हुई उनकी फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' में एक्ट्रेस काजोल को कास्ट नहीं करना चाहते थे। बल्कि उनकी पसंद ऐश्वर्या राय बच्चन थीं। उन्होंने इस रोल को ऐश्वर्या राय बच्चन को ध्यान में रख कर ही बनाया था। दरअसल करण जौहर ने कहा कि उनका मानना था कि काजोल शायद उन्हें इस फिल्म के लिए डेट्स न दे पाएं या वह समय पर उपलब्ध न हो पाएं।
करण जौहर ने काजोल को लेकर किया खुलासा
ऐसे में करण जौहर ने काजोल की जगह ऐश्वर्या राय को कास्ट करने पर विचार किया था। हालांकि बाद में चीजों ने एक अलग मोड़ लिया और उन्होंने ऐश्वर्या राय के साथ काम करने का अवसर खो दिया था। इसके बाद करण जौहर ने पूर्व मिस वर्ल्ड ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ साल 2016 में रिलीज हुई फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' में काम किया था।
फिल्म में ऐश्वर्या राय को करना चाहते थे कास्ट
कोमल नाहटा के साथ एक इंटरव्यू में करण जौहर ने कहा था- जब मैं फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के लिए कास्टिंग कर रहा था, तो मुझे पता चला था कि काजोल ये मूवी नहीं कर पाएंगी क्योंकि वह शादीशुदा थीं और परिवार शुरू करने की प्लानिंग कर रही थीं। ऐसे में मैंने सोचा कि मैं ऐश्वर्या राय को अप्रोच करूंगा। करण जौहर ने आगे कहा- मैं एक दिन दोपहर के 3 बजे काजोल के स्टूडियो पहुंचा था। हालांकि मैंने सोचा था कि काजोल मुझे न कह देंगी। हम दोनों कुछ आंसू बहाएंगे और फिर मैं वहां से चला जाऊंगा। काजोल के न कहने पर मुझे बुरा लगता क्योंकि काजोल मेरे साथ पहले भी काम कर चुकी थीं।
काजोल नहीं थीं करण की पहली पसंद
करण जौहर ने आगे कहा- लेकिन जैसे ही मैंने अपनी फिल्म के बारे में काजोल को बताया तो उन्होंने तुरंत हां कर दी थी। इसके बाद मैं ऐश्वर्या राय से मिलने नहीं गया। लेकिन ऐश्वर्या राय इस फिल्म के लिए मेरी पहली पसंद थीं और उसके बाद मैं उन्हें अपनी हर फिल्म में मिस करने लगा था।
ऐश्वर्या राय ने करण जौहर के बारे में कही थी ये बात
वहीं डीएनए को दिए एक इंटरव्यू में ऐश्वर्या राय बच्चन ने इस बारे में कहा था- करण जौहर मेरे पास फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के साथ भी आए थे। लेकिन फिर उनकी स्क्रिप्ट में बदलाव आया तो कैरेक्टर भी बदल गया। मैंने जब इस फिल्म में स्क्रीन पर काजोल को एक्टिंग करते हुए देखा तो मुझे पता चला कि जो स्क्रिप्ट करण ने मुझे पढ़कर सुनाई थी वो इससे अलग थी। ऐश्वर्या राय ने आगे कहा था- काजोल ने इस फिल्म में शानदार एक्टिंग की थी। लेकिन उस फिल्म में मैं काम नहीं कर सकी।
फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' की कहानी
काजोल के अलावा फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' में अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, शाहरुख खान, ऋतिक रोशन और करीना कपूर भी नजर आई थीं। ये फिल्म एक भारतीय परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें गोद लिए बड़े बेटे का किरदार शाहरुख खान ने निभाया था। वह दिल्ली के चांदनी चौक की रहने वाली एक चुलबुली सी लड़की काजोल के प्यार में पड़ जाते हैं और शादी करने के बाद उन्हें अपने परिवार से भी अलग हो जाना पड़ता है।












Click it and Unblock the Notifications