जब शूटिंग के बीच कपिल को मिली थी दोस्त के मौत की खबर, खुद को इस तरह कंट्रोल कर लोगों को हंसाया
नई दिल्ली, 2 अप्रैल: कपिल शर्मा मौजूदा वक्त में बॉलीवुड के कॉमेडी किंग बन चुके हैं। उन्होंने 2007 में द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज में हिस्सा लेकर अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वो कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ते गए। उनके शो कॉमेडी नाइट्स विद कपिल, द कपिल शर्मा शो और फैमिली टाइम्स विद कपिल सभी सफल रहे। इसके बाद उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफिलिक्स पर भी तहलका मचाया, लेकिन उनकी जिंदगी में कई बार उतार-चढ़ाव भी आए।

शूटिंग के दौरान आया दोस्त का फोन
2020 में कपिल के एक इंटरव्यू की खूब चर्चा हुई थी। उस दौरान उनसे पूछा गया था कि क्या किसी वक्त ऐसा हुआ जब उन्होंने अपने अंदर के दुख से लड़ने के साथ लोगों को हंसाया है। इस पर कपिल ने कहा था कि ऐसा कभी-कभी होता है। ये आप पर निर्भर करता है, लेकिन कई बार आप अपने दिमाग को उन चीजों से मुक्त नहीं कर पाते हैं। एक दिन वो कॉमेडी नाइट्स की शूटिंग कर रहे थे, रात का वक्त था तभी एक दोस्त का फोन आया और उसने जो कहा उससे उनके होश उड़ गए।

इस तरह किया मैनेज
कपिल के मुताबिक उस दिन उनके एक युवा दोस्त की मौत हो गई थी, वो महज 35-36 साल का था। अचानक उन्हें लगा कि वो अब कुछ नहीं कर पाएंगे। कपिल ने आगे बताया कि उस दौरान शो चल रहा था, इस वजह से उन्होंने तुरंत 5 मिनट का ब्रेक लिया। इसके बाद वो स्टेज से पीछे गए और फोन करने के लिए दोस्त को गाली दी। उन्होंने उससे कहा कि तुमने मुझे अभी क्यों फोन किया, जो होना था वो हो चुका।

'दैवीय शक्तियां करती हैं मदद'
कपिल के मुताबिक कभी-कभी आप शूटिंग के दौरान परेशान हो जाते हैं। उनका मानना है कि जब आप मंच पर होते हैं, चाहे वो कॉमेडी नाइट्स हो या कपिल शर्मा शो, उन्हें लगता है कि मंच में कुछ जादू है, जो दैवीय शक्तियां आपकी मदद करती हैं। आप वहां अच्छे इरादे से जा रहे हैं, आप लोगों को हंसाना चाहते हैं। वो दैवीय शक्ति आपको शांत करती है और चीजें चलती रहती हैं।












Click it and Unblock the Notifications