मुस्लिम डायरेक्टर Kabir Khan पहुंचे महाकुंभ, सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस, बोले-'इसमें हिंदू या मुस्लिम...'
Kabir Khan Attend Mahakumbh: फिल्म निर्माता कबीर खान मंगलवार यानी 28 जनवरी, 2025 को प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ पहुंचे। डायरेक्टर ने बताया कि वह यहां स्नान करने आए हैं। जिसका ताल्लुक भारत की संस्कृति से है।
एएनआई से बातचीत करते हुए कबीर खान ने इस आध्यात्मिक आयोजन में भाग लेने के प्रति अपनी खुशी जताई। उन्होंने यह भी बताया कि महाकुंभ ने अलग-अलग धर्म के लोगों को आकर्षित किया है, जिससे एकता को बढ़ावा मिला है।

कबीर खान ने कहा, 'मैं बहुत ही ज्यादा उत्साहित हूं। यह 12 साल में एक बार होता है। मैं खुद को लकी मानता हूं कि मुझे यहां आने का सौभाग्य मिला है। मैं यहां पवित्र स्नान भी करूंगा। इसका हिंदू और मुस्लिम होने से कोई लेना-देना नहीं है। ये बातें हमारे मूल, हमारे देश की सभ्यता से जुड़ी है। इसमें न हिंदू है, न मुस्लिम, अगर आप खुद को भारतीय मानते हैं, तो आपको हर चीज को महसूस करना चाहिए।'
हालांकि कबीर खान की इन बातों से जहां कुछ लोग खुश हुए तो वहीं कुछ लोगों को उनकी ये बात पसंद नहीं आई। सोशल मीडिया पर फैंस ने डायरेक्टर को ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ ने तो ये तक कह दिया कि ये केवल हिंदू का पर्व है, मुस्लिम का नहीं। एक ने तो इसे उनकी अपकमिंग फिल्म का स्टंट बताया और कहा कि, वह ये सब सिर्फ फिल्म का प्रमोशन करने के लिए कर रहे हैं।
बता दें कि, अब तक कई बॉलीवुड की बड़ी हस्तियां महाकुंभ में स्नान करने पहुंची। इसमें इमरजेंसी एक्टर अनुपम खेर भी शामिल हैं। अपने इंस्टाग्राम पर अभिनेता ने अपने पवित्र स्नान की एक झलक साझा की, जिसमें वह मंत्रों का जाप करते हुए भगवान से प्रार्थना कर रहे थे। इसके अलावा मुक्केबाज मेरी कॉम, पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और अभिनेत्री भाग्यश्री ने भी धार्मिक आयोजन का अनुभव लिया।
45 दिन तक चलने वाला महाकुंभ मेला 2025 उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हुआ था और ये 26 फरवरी तक चलेगा। परंपरा के अनुसार, श्रद्धालु संगम-गंगा, यमुन और सरस्वती नदियों के संगम स्थल पर पहुँचते हैं, जहां पवित्र स्नान करने से पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है।












Click it and Unblock the Notifications