Jiah Khan case: सूरज के बरी होते ही आदित्य पंचोली ने तोड़ी चुप्पी, कोर्ट के फैसले पर कही ये बात
जिया खान केस में सूरज पंचोली बरी हो गए। उनके पिता आदित्य पंचोली ने कोर्ट के फैसले पर खुशी जाहिर की। साथ ही बुरे वक्त में साथ देने वालों को धन्यवाद कहा।

जिया सुसाइड केस में करीब 10 साल बाद सीबीआई कोर्ट का फैसला आ गया। कोर्ट ने सूरज पंचोली को इस मामले में बरी कर दिया। जिसके बाद से पंचोली परिवार में खुशी का माहौल है। कोर्ट के इस फैसले पर अब सूरज के पिता और एक्टर आदित्य पंचोली का बयान सामने आया है।
आदित्य पंचोली ने कोर्ट के फैसले पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि ये उनके परिवार के लिए बड़ी राहत है। वहीं जब उनसे बेटे पर लगे आरोपों पर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कोर्ट के फैसले ने सब कुछ कह दिया, अब मुझे कुछ नहीं कहना।
अंत में आदित्य पंचोली ने कहा कि जिन लोगों ने इस मुश्किल वक्त में मेरे परिवार का साथ दिया, मैं उन सबको धन्यवाद कहना चाहता हूं। वहीं सुनवाई के दौरान सूरज और उनकी मां जरीना वहाब कोर्ट में मौजूद थे। उन्होंने भी इस फैसले के बाद राहत की सांस ली और सूरज ने कोर्ट को धन्यवाद कहा।
नहीं थे सबूत
सूरज पंचोली के वकील प्रशांत पाटिल ने कहा कि कोर्ट के बाहर मीडिया के सामने आरोप लगाना बहुत आसान है लेकिन सबूत से बड़ा कुछ नहीं है। कानून सबसे ऊपर है। न्यायलय ने सभी सबूतों के मद्देनजर सूरज पंचोली को बरी किया है। पुलिस और CBI ने जांच में ये पाया कि जिया खान की आत्मघाती प्रवृत्ति थी।
जिया की मां ने क्या कहा?
जिया की मां राबिया खान ने कहा कि आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले पर फैसला आया लेकिन सवाल अभी भी है कि मेरी बेटी की मौत कैसे हुई? मैंने शुरू से कहा है कि ये हत्या का मामला है। मैं हाईकोर्ट जाऊंगी।
घर में मिला था शव
आपको बता दें कि जिया खान का शव 3 जून 2013 को जुहू स्थित उनके घर में मिला था। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का केस माना, लेकिन जिया की मां उससे इनकार करती रहीं। इसके बाद ये केस सीबीआई को ट्रांसफर कर दिया गया।
जिया के घर से 6 पन्ने का सुसाइड नोट मिला था। जिसमें सूरज के साथ रिश्ते का जिक्र किया गया। सूरज पर जिया से मारपीट और गाली-गलौज का भी आरोप लगा था।












Click it and Unblock the Notifications