Jan Nayagan Thalapathy Vijay: सुप्रीम कोर्ट से 'जन नायकन' को लगा बड़ा झटका, 20 जनवरी को पलटेगी किस्मत?
Jan Nayagan Thalapathy Vijay: तमिल सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नायकन' को लेकर चल रहा विवाद अब और गहरा हो गया है। गत 9 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली इस फिल्म पर सेंसर बोर्ड (CBFC) ने रोक लगा दी थी, जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंचा था।
जन नायकन को लेकर सुप्रीम कोर्ट का फैसला
फिल्म जन नायकन को थलपति विजय की राजनीति में एंट्री से पहले की आखिरी फिल्म माना जा रहा है। ऐसे में फैंस का उत्साह चरम पर था लेकिन सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले ने उम्मीदों पर फिलहाल ब्रेक लगा दिया है।

सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई से किया इनकार
आज यानी 15 जनवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म के निर्माता KVN Productions की याचिका पर सुनवाई करने से मना कर दिया। मेकर्स ने मद्रास हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें फिल्म के सेंसर सर्टिफिकेट पर रोक लगाई गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा है कि ये मामला अभी मद्रास हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच के समक्ष लंबित है इसलिए इस स्तर पर हस्तक्षेप नहीं किया जा सकता।
CBFC और मेकर्स के बीच क्यों फंसा मामला?
-'जन नायकन' को लेकर विवाद की जड़ सेंसर सर्टिफिकेट है। पहले हाई कोर्ट की सिंगल बेंच ने फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट देने का निर्देश दिया था लेकिन बाद में कुछ दृश्यों को लेकर आपत्तियां सामने आईं।
-CBFC ने आरोप लगाया कि फिल्म में कुछ दृश्य धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा सकते हैं। साथ ही सेना के चित्रण को लेकर संवेदनशील मुद्दे उठाए गए हैं। इन्हीं कारणों से मामला डिवीजन बेंच तक पहुंचा जिसने सिंगल बेंच के आदेश पर रोक लगा दी।
20 जनवरी 2026 को होगा अंतिम फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने मद्रास हाई कोर्ट को निर्देश दिया है कि वह 20 जनवरी 2026 तक इस मामले पर अंतिम फैसला सुनाए। फिलहाल फिल्म की रिलीज पूरी तरह कोर्ट के फैसले पर निर्भर है। ऐसे में थलपति विजय के फैंस और फिल्म मेकर्स के लिए ये इंतजार बेहद बेचैन करने वाला साबित हो रहा है।
थलपति विजय की आखिरी फिल्म को लेकर क्यों है इतना क्रेज?
'जन नायकन' को थलापति विजय के राजनीति में एंट्री से पहले की आखिरी फिल्म माना जा रहा है। यही वजह है कि फिल्म को लेकर न सिर्फ तमिलनाडु बल्कि देशभर में जबरदस्त चर्चा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि 20 जनवरी 2026 को अदालत का फैसला फिल्म के भविष्य की तस्वीर बदलता है या इंतजार और लंबा होता है।












Click it and Unblock the Notifications