'जय संतोषी मां' के प्रोड्यूसर सतराम रोहरा की मौत, सुपरहिट फिल्म से 1975 में कमाए थे इतने करोड़
Satram Rohra Passed Away: भारत की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में एक 'जय संतोषी मां' साल 1975) में रिलीज हुई थी। इस फिल्म के पास कुछ ऐसे रिकॉर्ड्स हैं जिसे आजतक कोई तोड़ नहीं पाया है। फिलहाल इस फिल्म के प्रोड्यूसर सतराम रोहरा को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि उनका निधन हो गया है।
प्रोड्यूसर सतराम रोहरा का निधन
85 साल की उम्र में सतराम रोहरा ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। हालांकि उनकी बनाई फिल्में हमेशा लोगों के दिल में जिंदा रहेंगी। आपको बता दें कि सतराम रोहरा की सबसे बड़ी फिल्म 'जय संतोषी मां' थी जिसने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की थी।

फिल्म 'जय संतोषी मां' के प्रोड्यूसर थे सतराम रोहरा
फिल्म 'जय संतोषी मां' के साथ थिएटर में 'शोले' मूवी का क्लैश हुआ था जो कि भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में एक है। मुश्किल कॉम्पटीशन होने के बाद भी 'जय संतोषी मां' ने जबरदस्त कमाई की थी और लोगों के दिल में अपनी एक अलग जगह भी बनाई थी।
पहली फिल्म 1966 में हुई थी रिलीज
साल 1939 में ब्रिटिश इंडिया के सिंध (अब पाकिस्तान में) में सतराम रोहरा का जन्म हुआ था। आजादी के बाद इनका पूरा परिवार बॉम्बे (मुंबई) आ गया था। प्रोड्यूसर के तौर पर सतराम रोहरा की पहली फिल्म 'शेरा डाकू' साल 1966 में रिलीज हुई थी। हालांकि ये फिल्म कुछ खास कमाल नहीं कर पाई थी। इसके बाद उनकी अगली फिल्म 'रॉकी मेरा नाम' रिलीज हुई जो कि सुपरहिट साबित हुई थी।
प्रोड्यूसर के अलावा सिंगर भी थे सतराम रोहरा
सतराम रोहरा ने बतौर प्रोड्यूसर 'घर की लाज', 'करण', 'जय काली', 'नवाब साहिब' जैसी फिल्में बनाई हैं। सतराम रोहरा प्रोड्यूसर होने के साथ साथ सिंगर भी थे। उन्होंने 'झूलेलाल', 'हाल ता भाजी हालू', 'शल ध्यार ना जामन' और 'लाडली' जैसे गाने भी गाए हैं। उन्होंने साल 1987 में 'महाभारत' में भी बतौर सिंगर काम किया था।
'जय संतोषी मां' ने कमाए थे 10.50 करोड़ रुपए
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, 'शोले' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म को टक्कर देने के बाद भी 30 लाख रुपए के बजट में बनी मूवी 'जय संतोषी मां' ने बॉक्स ऑफिस पर 10.50 करोड़ रुपए का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था। कहा जाता है कि इस फिल्म को देखने के लिए लोग थिएटर के बाहर जूते-चप्पल उतारकर जाते थे। वहीं जब फिल्म का टाइटल सॉन्ग बजता था तो लोग हाथ जोड़कर खड़े हो जाते थे।












Click it and Unblock the Notifications