'इतनी शक्ति हमें देना दाता' फेम सिंगर पुष्पा पगधरे पाई-पाई को मोहताज, सरकार के आगे 32 साल से लगा रहीं गुहार
मुंबई, 10 अगस्त। कोरोना वायरस और लॉकडाउन के चलते कई लोगों को आर्थिक तंगी से गुजरना पड़ा। बॉलीवुड के जानेमाने कलाकार भी काम ना होने की वजह से पैसों की कमी का सामना कर रहे हैं, कई सेलेब्स तो ऐसे हैं जो बीते कई सालों से पाई-पाई को मोहताज हैं। फिल्म 'अंकुश का पॉपुलर गाना 'इतनी शक्ति हमें देना दाता' तो आपने सुना ही होगा। कई स्कूलों में आज भी इस गाने को प्रार्थना के तौर गाया जाता है। क्या आप जानते हैं इस गाने को अपनी सुरीली आवाज देने वालीं सिंगर पुष्पा पगधरे आज आर्थिक तंगी का शिकार हैं।

मशहूर सिंगर पाई-पाई को मोहताज
80 वर्षीय सिंगर पुष्पा पगधरे ने कई सुपरहिट बॉलीवुड गाने गाए, लेकिन वर्तमान में वो जिस परिस्थिति से गुजर रही हैं उसके बारे में उन्होंने कभी नहीं सोचा होगा। पुष्पा पगधरे को राज्य सरकार की ओर से 3150 रुपए मिलते हैं लेकिन उसके लिए भी उन्हें काफी जद्दोजहद करनी पड़ती है। पुष्पा की हालत इतनी खराब है कि उनके पास आपना खुद का घर भी नहीं है। अभी सिंगर मुंबई के माहिम में मच्छीमार कॉलोनी में किराए के घर में रहती हैं।

यूट्यूब पर गानों पर करोड़ों व्यूज
आर्थिक तंगी से का सामना कर रहीं पुष्पा पगधरे अब अपने करीबियों और रिश्तेदारों से मदद की गुहार लगा रही हैं। यूट्यूब पर पुष्पा पगधरे द्वारा गाए गाने के व्यूज करोड़ों में है, अगर यूट्यूब पर उनके गाने से हुई कमाई की आधी रकम भी सिंगर को दी जाती तो उनको पैसों की कमी कभी नहीं होती। पुष्पा पगधरे ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि कुछ रिश्तेदार उनकी मदद के लिए आगे आए हैं, जरूरत पढ़ने पर हर संभव सहायता करते हैं।

दूसरों पर निर्भर हैं पुष्पा पगधरे
पुष्पा पगधरे ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए आगे कहा, मुझे ठीक तरह से अपने गानों की रॉयल्टी नहीं मिली है। आज मेरी हालत ऐसी है कि दूसरों पर निर्भर होना पड़ा है। मेरी मदद के लिए सरकार ने कुछ नहीं किया, रिश्तेदारों के भरोसे ही गुजर-बसर हो रहा है। सरकार हमारे जैसे कलाकारों पर ध्यान नहीं देती जो बिना कमाई अकेले जिंदगी गुजारने को मजबूर हैं। पुष्पा पगधरे ने बताया कि उन्होंने 32 साल पहले राज्य सरकार से घर की मांग भी की थी।

32 साल से मांग रही हैं सरकार से छत
सिंगर ने कहा, साल 1989 में पहली बार राज्य सरकार से मैंने अपने लिए छत की मांग की थी लेकिन 32 साल से मेरी अपील को अनसुना किया जा रहा है। उस समय, मैं पैसे जुटाने के लिए कई राज्यों की यात्रा करती थी। मुंबई लौटने के बाद मैंने अपनी फाइल के सिलसिले में मिनिस्टर से मुलाकात करनी चाही लेकिन मुझसे हर बार यही कहा गया कि वो टूर पर हैं या ऑफिस में मौजूद नहीं हैं। सरकार को हम जैसे सिंगर्स पर ध्यान देना और उन्हें इज्जत देनी चाहिए।

राज ठाकरे के पिता द्वारा लिखे गाने भी गाए
पुष्पा पगधरे ने आगे बताया कि उन्होंने राजनेता राज ठाकरे के पिता श्रिकांत ठाकरे द्वारा कई गानों को गाया है लेकिन कभी उन्हें रॉयल्टी नहीं दी गई। पुष्पा कहती हैं, मोहम्मद रखी के साथ भी मैंने 'अगा पोरी संभाल' गाया था जो बेहद लोकप्रिय हुआ था। इस गाने पर मुझे तब तक रॉयल्टी मिली जब तक एचएमवी म्यूजिक लेबल था, लेकिन इस कंपनी के बंद होते ही मुझे पैसे मिलने भी बंद हो गए। मुझे कल्चरल डिपार्टमेंट से 3150 रुपए मिलते हैं, लेकिन वो भी कभी समय पर नहीं मिलते।
यह भी पढ़ें: क्या बाबुल सुप्रियो दूसरी पार्टी में शामिल हो रहे हैं? सिंगर ने एडिट की अपनी एफबी पोस्ट, हटाया ये हिस्सा












Click it and Unblock the Notifications