India-Pakistan War: 'बॉर्डर' से लेकर 'उरी' तक, पाकिस्तान हमले पर बनीं ये 5 फिल्में आज ही देख लें
Bollywood Films Based on India-Pakistan War: भारतीय सेना ने गत 22 अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम इलाके में हुए पाकिस्तानी आतंकी हमले का बदला ले लिया है। इस बदले के बाद पूरा देश गर्व महसूस कर रहा है।
'ऑपरेशन सिंदूर' को अंजाम दिया गया
आतंकी हमले की जवाबी कार्रवाई करते हुए आज यानी 7 मई 2025 को भारत सरकार की तरफ 'ऑपरेशन सिंदूर' को अंजाम दिया गया। इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में 9 आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया है।

युद्ध की कहानी को बड़े पर्दे पर दिखाना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन ठिकानों का इस्तेमाल भारत पर हमलों की योजना बनाने और उन्हें निर्देशित करने के लिए किया जाता था। इसी बीच लोगों को उम्मीद है कि अब जल्द ही इस युद्ध की कहानी को भी बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा।
इन 5 फिल्मों में भारत-पाकिस्तान का युद्ध दिखाया गया है
आपको बता दें कि बॉलीवुड फिल्म निर्माताओं ने हमेशा ही पाकिस्तानियों की कायरता और भारत के जवाबी हमले को बड़े पर्दे पर दिखाने की कोशिश की है। ऐसे में 'ऑपरेशन सिंदूर' की चर्चा के बीच आइए आपको बताते हैं ऐसी कुछ फिल्मों के बारे में जिनमें भारत-पाकिस्तान का युद्ध दिखाया गया है।
भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया
बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन, संजय दत्त और सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म 'भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया', 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आधारित मूवी है। ये फिल्म साल 2021 में रिलीज हुई थी। इसमें इंडियन एयरफोर्स के स्क्वाड्रन लीडर विजय कार्णिक की सच्ची कहानी दिखाई गई है। फिल्म में 300 ग्रामीण महिलाओं की मदद से बमबारी वाली रन-वे का पुनर्निर्माण किया गया था। इस फिल्म को आप ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉट स्टार पर देख सकते हैं।
उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक
बॉलीवुड एक्टर विक्की कौशल की फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' साल 2019 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में साल 2016 के उरी आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई को दिखाया गया था। फिल्म सच्ची घटना पर आधारित है जिसमें दिखाया गया है कि कैसे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मौजूद आतंकवादी शिविरों पर भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक किया था। इस फिल्म को आप ओटीटी प्लेटफॉर्म जी 5 पर देख सकते हैं।
द गाजी अटैक
साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म 'द गाजी अटैक' में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए पहले अंडरवाटर सबमरीन ऑपरेशन की कहानी दिखाई गई है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे नौसेना के आईएनएस राजपूत पनडुब्बी ने पाकिस्तान की पनडुब्बी पीएनएस गाजी को बर्बाद कर दिया था। सच्ची घटना पर आधारित इस फिल्म में राणा दग्गुबाती, तापसी पन्नू, अतुल कुलकर्णी, केके मेनन जैसे कलाकार नजर आए थे। इस फिल्म को आप ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स और अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
बॉर्डर
साल 1997 में फिल्म 'बॉर्डर' ने रिलीज होते ही धूम मचा दी थी। इस फिल्म में सनी देओल, सुनील शेट्टी, अक्षय खन्ना, जैकी श्रॉफ, पुनीत इस्सर जैसे दिग्गज कलाकारों ने साथ में काम किया था। इस फिल्म में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध की कहानी दिखाई गई है। कहा जाता है कि इस फिल्म को बनने में 2 साल से अधिक का समय लग गया था। ये फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।
स्काई फोर्स
बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार और वीर पहाड़िया की फिल्म 'स्काई फोर्स' में 1965 में भारतीय वायुसेना द्वारा पाकिस्तान पर की गई पहली एयर स्ट्राइक की कहानी को दिखाया गया है। ये फिल्म साल 2025 को ही रिलीज हुई है। इस फिल्म को आप ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications