भारत की अर्शिया शर्मा ने 'अमेरिकाज गॉट टैलेंट' में किया ऐसा कमाल, खड़े होकर तालियां बजाने पर मजबूर हुए लोग
Arshiya Sharma: ऑस्कर और कान्स जैसे इंटरनेशनल अवॉर्ड्स अपने नाम करने के बाद अब फिर से भारतीयों के लिए एक बड़े ही गर्व का पल आ गया है। भारत की बेटी ने विदेश में इंडिया का परचम लहराया है। खबर है कि भारत की 13 साल की बेटी ने अमेरिका के फेमस रिएलिटी शो 'अमेरिकाज गॉट टैलेंट' के जजों और दर्शकों को हिलाकर रख दिया है।
'अमेरिकाज गॉट टैलेंट' में चला भारत की बेटी का जादू
अमेरिका के फेमस रिएलिटी शो 'अमेरिकाज गॉट टैलेंट' के जज और शो में मौजूद दर्शक भारत की इस लड़की का डांस देखकर चौंक गए थे। सभी लोगों ने एजीटी 2024 के हालिया एपिसोड में इस भारतीय डांसर की जमकर तारीफ की है और उसे स्टैंडिंग ओवेशन तक दिया है।

अर्शिया शर्मा ने किया दमदार डांस
जम्मू की रहने वाली अर्शिया शर्मा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एजीटी में अपने डांस का एक वीडियो शेयर किया है। अर्शिया शर्मा के इस जिमनास्टिक रूपी डांस ने दर्शकों को खड़े होकर तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया था।
जिमनास्टिक कर लोगों को बनाया अपना दीवाना
वीडियो में देखा जा सकता है कि जम्मू की रहने वाली अर्शिया शर्मा स्टेज पर आती हैं और जजों के कहने पर अपना परिचय देते हुए कहती हैं- मैं भारत के जम्मू-कश्मीर की रहने वाली हूं। मैं एक डांसर हूं, लेकिन मैं दूसरों जैसा नहीं बनना चाहती। मुझे सबसे अलग होना है। इसलिए, मैंने अलग दिखने के लिए जिमनास्टिक को अपने डांस में ऐड करने की कोशिश की है।
शो के जजेस ने खड़े होकर बजाई ताली
इसके बाद अर्शिया शर्मा ने अपने डांस के लिए एजीटी के जजेस साइमन कोवेल, हेइडी क्लम, होवी मंडेल और सोफिया वेरगारा से इजाजत ली। हालांकि, जब 13 साल की डांसर ने परफॉर्म किया तो हर कोई हैरान रह गया। अर्शिया ने पूरे डांस के दौरान अपने मूव्स और जिमनास्टिक को दिखाया। अर्शिया का दमदार डांस देखकर दर्शक और जज उनके लिए खड़े होकर तालियां बजाने लगे।
कौन हैं अर्शिया शर्मा
अमेरिकाज गॉट टैलेंट के जजेस और दर्शकों ने जैसे ही अर्शिया शर्मा के लिए खड़े होकर तालियां बजाई तो अर्शिया और उनकी मां ने हाथ जोड़कर सभी को धन्यवाद दिया। 'अमेरिकाज गॉट टैलेंट' में भाग लेने से पहले अर्शिया ने 'डीआईडी लिटिल मास्टर्स' और 'सुपर डांसर 4' जैसे भारतीय डांस शो में दर्शकों और जजों को इंप्रेस किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने जिम्नास्टिक में गोल्ड मेडल भी जीता है।












Click it and Unblock the Notifications