अपनी आवाज खोने वाली खबर को बप्पी लहरी ने बताया FAKE, कहा- 'बहुत दुख हुआ'
नई दिल्ली, 20 सितंबर। बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार और गायक बप्पी लहरी के बारे में एक खबर प्रसारित हुई थी, जिसमें कहा जा रहा था कि बप्पी दा इन दिनों काफी बीमार चल रहे हैं और उनकी आवाज चली गई है। जिस पर अब बप्पी लहरी ने प्रतिक्रिया दी है।

फेक खबर पढ़कर काफी दुख हुआ
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखी है कि 'वो पूरी तरह से ठीक हैं और उन्हें अपने बारे में इस तरह की फेक खबर पढ़कर काफी दुख भी पहुंचा है।' उन्होंने आगे लिखा है कि 'किस तरह से मीडिया संस्थान अपने फायदे के लिए इस तरह की खबरें छाप देते हैं। ऐसी खबरें केवल निराशा और दुख पैदा करती हैं।'

सिंगर शान ने भी प्रतिक्रिया दी
बप्पी लहरी की इस पोस्ट पर सिंगर शान ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भी इस तरह की फेक न्यूज को गलत ठहराया है। उन्होंने लिखा है कि 'इस तरह की खबरें केवल इंसान को भ्रमित करती हैं।'

बप्पी लहरी का असली नाम अलोकेश लहरी
गौरतलब है कि' बप्पी दा' के नाम से मशहूर लहरी का जन्म 27 नवंबर, 1952 को कोलकाता में हुआ था। इनके मम्मी-पापा जाने-माने बंगाली सिंगर थे। बेहद ही खुशनुमा अंदाज वाले बप्पी लहरी का असली नाम अलोकेश लहरी है लेकिन दुनिया इन्हें बप्पी लहरी के नाम से जानती हैं।
बप्पी दा के गानों की दुनिया दीवानी है
'चलते चलते', 'जख्मी', 'शराबी', 'नमक हलाल', 'डांस डांस', 'डिस्को डांसर' 'थानेदार', 'आंखें' , 'द डर्टी पिक्चर', 'डांस डांस', 'कसम' जैसी सुपरहिट फिल्मों से इन्होंने लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है। इन फिल्मों के गाने आज भी जब भी बजते हैं तो इंसान थिरकने को मजबूर हो जाता है। वैसे बप्पी लहरी जितना अपने संगीत के कारण लोकप्रिय हैं उतने ही वो अपने सोना प्रेम के भी कारण मशहूर हैं, वो अक्सर बहुत सारी ज्वैलरी पहने दिखाई देते हैं और इस वजह से लोग उनके लुक पर भी काफी कमेंट करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications