Hurun India Rich List 2026: शाहरुख खान फिर बने सबसे अमीर एक्टर, अमिताभ बच्चन दूसरे नंबर पर, किसकी कितनी कमाई?
Hurun India Rich List 2026: हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 जारी हो चुकी है और इस बार भी बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने सबसे अमीर भारतीय एक्टर के तौर पर अपनी जगह बरकरार रखी है। हालांकि दिलचस्प बात ये है कि पिछले साल के मुकाबले किंग खान की अनुमानित नेटवर्थ में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं अमिताभ बच्चन ने इस साल लिस्ट में दूसरा स्थान हासिल किया है। सलमान खान और ऋतिक रोशन भी इस बार अमीर स्टार्स की इस लिस्ट में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे हैं।
शाहरुख खान की नेटवर्थ 10 हजार करोड़ रुपये
हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के अनुसार शाहरुख खान की अनुमानित नेटवर्थ करीब 10,000 करोड़ रुपये है। उनकी कमाई का दायरा सिर्फ फिल्मों और विज्ञापनों तक सीमित नहीं है। रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और नाइट राइडर्स आईपीएल टीम जैसे उनके बिजनेस वेंचर्स भी उनकी कुल संपत्ति में अहम योगदान देते हैं। हालांकि पिछले साल के आंकड़ों से तुलना करें तो इस बार शाहरुख खान की संपत्ति में करीब 2,490 करोड़ रुपये की कमी बताई गई है।

एक साल में घट गई 2,490 करोड़ की संपत्ति
हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 में शाहरुख खान की अनुमानित नेटवर्थ 12,490 करोड़ रुपये बताई गई थी। इस हिसाब से एक साल में उनकी संपत्ति करीब 2,490 करोड़ रुपये कम हुई है। इसके बावजूद वह 2026 की लिस्ट में सबसे ज्यादा नेटवर्थ वाले भारतीय अभिनेता बने हुए हैं।
अमिताभ बच्चन ने हासिल किया दूसरा स्थान
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन इस लिस्ट में करीब 4,000 करोड़ रुपये की अनुमानित संपत्ति के साथ दूसरे पायदान पर हैं। खास बात ये है कि पिछले साल की तुलना में उनकी नेटवर्थ में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 2025 की हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में अमिताभ बच्चन की अनुमानित संपत्ति करीब 1,630 करोड़ रुपये बताई गई थी। इस बार ये आंकड़ा बढ़कर लगभग 4,000 करोड़ रुपये हो गया है।
सलमान खान की भी हुई लिस्ट में एंट्री
बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान ने भी इस साल हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में जगह बनाई है। करीब 3,000 करोड़ रुपये की अनुमानित नेटवर्थ के साथ वह इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। सलमान खान की कमाई में फिल्मों के अलावा ब्रांड एंडोर्समेंट और उनके अलग-अलग कारोबारी वेंचर्स की भी भूमिका है। तीन दशक से ज्यादा लंबे फिल्मी करियर और मजबूत ब्रांड वैल्यू की वजह से उनकी कमाई का दायरा काफी बड़ा है।
ऋतिक रोशन चौथे नंबर पर
एक्टर ऋतिक रोशन करीब 2,500 करोड़ रुपये की अनुमानित नेटवर्थ के साथ इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं। पिछले साल उनकी संपत्ति करीब 2,160 करोड़ रुपये आंकी गई थी। ऋतिक रोशन की कमाई में फिल्मों और विज्ञापनों के साथ उनका फिटनेस और लाइफस्टाइल ब्रांड HRX भी अहम भूमिका निभाता है। पिछले कुछ सालों में HRX की पॉपुलैरिटी बढ़ने के साथ उनकी बिजनेस इनकम भी चर्चा में रही है।
जूही चावला और करण जौहर इस बार लिस्ट से बाहर
-2026 की हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में कुछ ऐसे नाम भी नजर नहीं आए, जो पिछले साल इस सूची का हिस्सा थे। इनमें एक्ट्रेस जूही चावला और फिल्ममेकर करण जौहर शामिल हैं। साल 2025 में जूही चावला की अनुमानित नेटवर्थ करीब 7,790 करोड़ रुपये बताई गई थी जबकि करण जौहर की संपत्ति का अनुमान लगभग 1,880 करोड़ रुपये था। इस साल जारी लिस्ट में दोनों नाम शामिल नहीं हैं।
-बॉलीवुड के इन स्टार्स की संपत्ति के आंकड़े बताते हैं कि आज फिल्म इंडस्ट्री में किसी स्टार की कमाई सिर्फ फिल्मों की फीस तक सीमित नहीं रह गई है। प्रोडक्शन हाउस, स्पोर्ट्स फ्रेंचाइजी, ब्रांड्स और अन्य कारोबारी निवेश भी स्टार्स की कुल संपत्ति में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
