ऋतिक रोशन ने आदित्य चोपड़ा की 'वॉर 2' की खिल्ली उड़ा दी, विदेशी धरती पर कही ऐसी बात!
Hrithik Roshan on War 2 Flop: यश राज फिल्म्स फिल्म 'वॉर 2' बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से पिट गई थी। करीब 400 करोड़ रुपये के विशाल बजट में बनी यह हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म दुनियाभर में मात्र 364.35 करोड़ रुपये ही कमा पाई। भारत में इसका नेट कलेक्शन 282.6 करोड़ रुपये रहा, जो स्पाई यूनिवर्स की पिछली सफल फिल्मों-'पठान', 'टाइगर 3' और पहली 'वॉर'-से काफी कम है। दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों ने फिल्म को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया, जिससे इसके प्रदर्शन पर और नकारात्मक असर पड़ा।

ऋतिक ने उड़ाया मजाक
फिल्म की असफलता पर जहां मेकर्स पर सवाल उठ रहे थे, वहीं ऋतिक रोशन ने खुद अपनी फिल्म पर तंज कसकर सबको चौंका दिया। दुबई में 'द सिम्फनी' डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे ऋतिक का दर्शकों ने तालियों से स्वागत किया। इस गर्मजोशी पर उन्होंने हल्के फुल्के अंदाज़ में कहा, "आप लोग बहुत दयालु हैं। मेरी फिल्म (वॉर 2) अभी बॉक्स ऑफिस पर पिट गई है, इसलिए यह सब काफी अच्छा लग रहा है।" उनका यह बयान तुरंत सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस ने उनकी ईमानदारी और ह्यूमर की सराहना की।
स्पाई यूनिवर्स पर फिर से मंथन में जुटे आदित्य चोपड़ा
'वॉर 2' से मेकर्स को जितनी बड़ी उम्मीदें थीं, नतीजा उसके बिल्कुल उलट मिला। नॉर्थ और साउथ के दो सुपरस्टार-ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर-की साझेदारी भी फिल्म को नई ऊंचाइयों तक नहीं ले जा पाई। इसी के बाद खबर है कि आदित्य चोपड़ा ने पूरे स्पाई यूनिवर्स के ढांचे को दोबारा खंगालना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले वर्षों में इस यूनिवर्स को नई रणनीति और बेहतर लेखन के साथ फिर से मजबूत बनाया जाएगा।
'कृष 4' को लेकर ऋतिक के नए लुक से बढ़ीं अटकलें
दुबई इवेंट में ऋतिक का नया लुक भी खूब चर्चा में रहा-हल्के लंबे बाल और थोड़ा भारी-भरकम बॉडी फ्रेम। फैंस तुरंत यह अनुमान लगाने लगे कि यह बदलाव उनकी आने वाली सुपरहीरो फिल्म 'कृष 4' की तैयारी का हिस्सा हो सकता है। दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म में ऋतिक अभिनय के साथ-साथ निर्देशन की कमान भी सम्भालेंगे।












Click it and Unblock the Notifications