निधन के बाद अपने परिवार के लिए कितनी संपत्ति छोड़ गए हैं बप्पी लहरी?
जानिए, निधन के बाद अपने परिवार के लिए कितनी संपत्ति छोड़ गए हैं बप्पी लहरी, एक गाने के लिए लेते थे कितनी फीस?
मुंबई, 16 फरवरी: दिग्गज संगीतकार और प्लेबैक सिंगर बप्पी लहरी का मंगलवार देर रात मुंबई के एक निजी हॉस्पिटल में निधन हो गया। 69 वर्षीय बप्पी लहरी पिछले कई दिनों से कुछ बीमारियों से जूझ रहे थे और तबीयत बिगड़ने के बात मंगलवार को ही उन्हें हॉस्पिटल लाया गया था। इससे पहले पिछले साल अप्रैल के महीने में वो कोरोना वायरस से भी संक्रमित हुए थे। बप्पी लहरी के परिवार से जुड़े लोगों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को किया जाएगा। उनके निधन पर प्रधानमंत्री मोदी सहित बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए अपना दुख जाहिर किया है। आइए जानते हैं कि निधन के बाद बप्पी लहरी अपने परिवार के लिए कितनी संपत्ति छोड़कर गए हैं।

इतने करोड़ की संपत्ति के मालिक थे बप्पी दा
'डिस्को किंग' के नाम से मशहूर बप्पी लहरी बॉलीवुड के पहले म्यूजिक प्रोड्यूसर थे। वेबसाइट caknowledge के मुताबिक, बप्पी लहरी अपने परिवार के लोगों के लिए करीब 22 करोड़ रुपए की संपत्ति छोड़ गए हैं। फिल्म इंडस्ट्री को कई यादगार नगमे देने वाले बप्पी लहरी बॉलीवुड में अपने एक गीत के लिए 8 से 10 लाख रुपए फीस लेते थे और उनकी गिनती सबसे महंगे गायकों में होती थी।

स्टेज शो के लिए कितनी फीस लेते थे बप्पी लहरी
इसके अलावा स्टेज शो में अपनी एक घंटे की परफॉर्मेंस के लिए बप्पी लहरी 20 से 25 लाख रुपए फीस लेते थे। हालांकि करोड़ो की संपत्ति होने के साथ-साथ बप्पी लहरी अपनी जिम्मेदारियों को लेकर भी सजग थे और देश के सबसे ज्यादा टैक्स भरने वाले सेलिब्रिटीज में शामिल थे। दर्शकों के बीच 'बप्पी दा' के नाम से मशहूर बप्पी लहरी चैरिटी के मकसद से भी अलग-अलग लाइव शो में हिस्सा लेते थे।

बप्पी दा के पास कौन-कौन सी गाड़ियां थी?
लोगों के दिलों को छूने वाली आवाज के मालिक बप्पी लहरी ने मुंबई में अपना घर साल 2001 में खरीदा था और इस घर की कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपए बताई जाती है। इसके अलावा कारों के शौकीन बप्पी दा के पास कई लग्जरी गाड़ियों का भी एक कलेक्शन था। उनके गाड़ियों के कलेक्शन में एक बीएमडब्लयू, एक ऑडी और एक टेस्ला एक्स सहित 5 महंगी कारें शामिल थीं।

गिनीड बुक में भी दर्ज था बप्पी दा का नाम
फिल्म इंडस्ट्री में बप्पी लहरी संगीत का दूसरा नाम थे और उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड भी कायम किया, जिसके लिए उन्हें 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड' में जगह दी गई। दरअसल, बप्पी लहरी का नाम 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड' में दुनिया के अकेले ऐसे म्यूजिक डायरेक्टर के तौर पर दर्ज किया गया, जिन्होंने एक ही साल के अंदर 1986 में 33 फिल्मों के लिए करीब 180 गाने रिकॉर्ड किए।

अकेले म्यूजिक डायरेक्टर, जिन्हें माइकल जैक्शन ने अपने शो में बुलाया
संगीत की दुनिया में ऐसे कई मुकाम थे, जिन्हें केवल बप्पी लहरी ने ही हासिल किया। 1996 में जब मुंबई में माइकल जैक्शन का एक लाइव शो रखा गया, तो बप्पी लहरी ऐसे अकेले म्यूजिक डायरेक्टर थे, जिन्हें इस शो में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया था। बप्पी लहरी का मानना था कि गोल्ड उनके लिए बहुत लकी है और इसी वजह से वो कम से कम 7-8 सोने की चेन पहनकर रहते थे।
ये भी पढ़ें- बप्पी लहरी के वो 10 लोकप्रिय गाने, जिनके लिए उन्हें हमेशा किया जाएगा याद











Click it and Unblock the Notifications