दाऊद का नाम सुनते ही भड़कीं मंदाकिनी, कहा-'अतीत को कुरेदना ठीक नहीं'
नई दिल्ली,20 अप्रैल। 'शो मैन' राज कपूर की खोज अभिनेत्री मंदाकिनी एक बार फिर से रूपहले पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं, जी हां चर्चित फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' की बेहद हॉट एक्ट्रेस मंदाकिनी अपने बेटे राबिल के साथ एक वीडियो एलबम में नजर आने वाली हैं, जिसके लिए मंगलवार को मायानगरी में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया था, जहां कुछ ऐसा हुआ, जिसके बारे में कोई कभी सोच भी नहीं सकता था।

दाऊद का नाम सुनते ही भड़कीं मंदाकिनी
दरअसल मंदाकिनी पूरे 26 साल बाद कैमरे पर वापसी करने जा रही हैं इसलिए जब उनके बारे में खबर आई तो मीडिया का जमावड़ा प्रेसवार्ता में लग गया और अस्सी के दशक में झिन्नी साड़ी पहनकर झरने के नीचे नहाने वाली अभिनेत्री को देखने के लिए लोग बेताब हो गए। इसी दौरान कुछ मीडिया वालों ने मंदाकिनी से अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को लेकर प्रश्न करना शुरू कर दिया, जिस पर मंदाकिनी एकदम से नाराज हो गईं।

'दाऊद को लेकर उनसे प्रश्न नहीं होंगे'
हालांकि मौके की नजाकत को देखते हुए उन्होंने पत्रकारों पर तो गुस्सा नहीं निकाला लेकिन वो अपने पीआरओ पर जरूर नाराज हो गईं, जिसने शायद उन्हें ये भरोसा दिलाया था कि दाऊद को लेकर उनसे प्रश्न नहीं किए जाएंगे। हालांकि उन्होंने दाऊद से जुड़े किसी भी प्रश्न पर कोई रिएक्शन नहीं दिया।

'अतीत को कुरेदना ठीक नहीं'
लेकिन कुछ वक्त पहले मंदाकिनी ने एक इंटरव्यू में जरूर ये कहा था कि 'इस बारे में पहले भी बहुत बात हो चुकी है, अब मैं इस बारे में कुछ भी बात नहीं करना चाहती। मुझे बड़ा बुरा लगता है जब लोग अभी भी मेरे नाम को उस घटना से जोड़ते हैं, अतीत को कुरेदना ठीक नहीं ।'

वायरल हुई थी मंदाकिनी-दाऊद की तस्वीर
मालूम हो कि फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' के जरिए मंदाकिनी रातों रात स्टार बन गई थीं। उनका बोल्ड अंदाज हर किसी के मन में रच बस गया था और इस फिल्म के बाद ही मंदाकिनी के पास फिल्मों की लाइन लग गई थीं। मंदाकिनी के दीवानों में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम भी था, कहा जाता है वो मंदाकिनी को अपनी प्रेमिका बनाकर पाकिस्तान भी ले गया था। उसकी और मंदाकिनी की एक तस्वीर भी काफी वायरल हुई थी लेकिन मंदाकिनी ने कभी भी उसके साथ अपने रिश्ते को नहीं स्वीकारा था, हालांकि दाऊद से लिंकअप की खबर सामने आने के बाद मंदाकिनी को बॉलीवुड में काम मिलना बंद हो गया था और अचानक से मंदाकिनी हिंदी सिनेमा से गायब हो गईं थीं।

बुद्धिस्ट संत काग्यूर रिनपोचे के साथ शादी कर ली
फिर कुछ वक्त बाद पता चला कि उन्होंने 1995 में एक बुद्धिस्ट संत काग्यूर रिनपोचे के साथ शादी कर ली है, वो ग्लैमर की दुनिया से बहुत दूर बेंगलुरु के पास एक फार्म हाउस में उसके साथ शांति से जीवन व्यतीत करने लगी थीं। कहते हैं कि मंदाकिनी अब बौद्ध धर्म अपना चुकी हैं। लेकिन अपने बेटे राबिल ठाकुर की वजह से वो फिर से रूपहले पर्दे पर दिखाई पड़ने वाली हैं। इस म्यूजिक एलबम के बाद वो एक वेबसीरीज में भी नजर आएंगी।












Click it and Unblock the Notifications