अपनी ही गोली से जख्मी हुए गोविंदा, जानें कैसे हुआ एक्टर के साथ बड़ा हादसा, अस्पताल में हुए भर्ती
Govinda: बॉलीवुड एक्टर गोविंदा को लेकर एक बड़ी खबर आई है। एक्टर के पैर पर गोली लग गई है। जानकारी के मुताबिक, एक्टर सुबह के 5 बजे के करीब घर से बाहर निकल रहे थे। उससे पहले उन्होंने रिवॉल्वर साफ किया कि तभी गलती से गोली चल गई। अब एक्टर मुंबई के CRITI केयर अस्पताल में भर्ती हैं।

जानकारी के मुताबिक, गोविंदा के साथ जिस वक्त ये हादसा हुआ उस दौरान एक्टर घर पर अकेले थे। वह जैसे ही बाहर जाने की तैयारी में थे तो उससे पहले उन्होंने अपना रिवॉल्वर साफ किया लेकिन गलती से गोली चल गई और एक्टर बुरी तरह से जख्मी हो गए। इस घटना के तुरंत बाद गोविंदा ने अपने आसपास के रिश्तेदारों को फोन कॉल किया और फिर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल इस खबर के सामने आने के बाद एक्टर के फैंस चिंता में आ गए।
बताया जा रहा है कि, गोविंदा के घुटनों के पास गोली लगी है और वह फिलहाल आईसीयू में भर्ती हैं। जल्द ही एक्टर का परिवार इस मामले में अपना बयान जारी करेगा। एक्टर को गोली लगने के बाद फिलहाल पुलिस ने रिवॉल्वर को अपने कब्जे में ले लिया और मामले की जांच में जुट गई है।
इस घटना के बाद गोविंदा के मैनेजर ने बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि एक्टर के शरीर से गोली निकाल दी गई है और वह फिलहाल खतरे से बाहर है। उम्मीद है कि जल्द ही ठीक होने के बाद गोविंदा अस्पताल से डिस्चार्ज हो जाएंगे। इस खबर के सामने आने के बाद एक्टर के फैंस को थोड़ी राहत की सांस मिली।












Click it and Unblock the Notifications