Google Doodle: 23 साल छोटी कल्पना से इश्क करते थे भूपेन हजारिका, 40 साल रहे साथ लेकिन नहीं की शादी
Google Doodle on Bhupen Hazarika's Birth Anniversary:आज 'भारत रत्न' भूपेन हजारिका की 96वीं जयंती है, इस खास दिन पर दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगल ने डूडल बनाकर देश के प्रख्यात भारतीय गायक, संगीतकार और फिल्म निर्माता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। आपको बता दें कि Google ने भूपेन हजारिका को अपने होम पेज पर उनके चिरपरिचित अंदाज में दिखाया है। मालूम हो कि असम रत्न भूपेन हजारिका का जन्म 8 सितंबर 1926 में असम के तिनसुकिया जिले के सदिया गांव में हुआा था, वो भले ही आज सशरीर हमारे बीच में नहीं हैं लेकिन अपने अनुपम संगीत के जरिए वो हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे।

कल्पना लाजमी से प्यार करते थे हजारिका
भूपेन हजारिका संगीत के वो महारथि थे, जिन्हें शब्दों में बयां करना मुश्किल ही नहीं बल्कि असंभव हैं, वो अपने आप में ज्ञान का साम्राज्य थे, वो कवि, संगीतकार, गायक, अभिनेता, पत्रकार, लेखक और फिल्मकार थे। जहां उनके गीत लोगों को रूहानियत का एहसास कराते हैं, वहीं दूसरी ओर उनका निजी जीवन आज भी लोगों के लिए पहेली ही है। वो और डायरेक्टर कल्पना लाजमी का रिश्ता हमेशा लोगों की समझ के परे रहा।

दोनों की उम्र में करीब 23 साल का अंतर था
दोनों की उम्र में करीब 23 साल का अंतर था और हजारिका शादीशुदा भी थे और इस शादी से उन्हें एक संतान भी थी लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कल्पना को अपनी दिल की मल्लिका बनाया। दोनों ने ना तो दुनिया की फिक्र की और ना ही रूसवाई की चिंता की।

40 साल रहे साथ लेकिन नहीं की शादी
दोनों पूरे चालीस साल तक बिना शादी के एक ही छत के नीचे के रहे। दोनों के बीच प्रेम, समर्पण और भरोसा था और इसलिए तमाम आलोचनाओं के बावजूद हजारिका और कल्पना ने ना तो कभी दुनिया को अपने रिश्ते की सच्चाई बताई और ना ही सफाई दी।

अंतिम सांस तक कल्पना थीं साथ
दोनों के मजबूत रिश्ते के पहचान यही रही कि भूपेन के अंतिम वक्त में कल्पना ही उनके साथ थीं, हजारिका ने अपनी कम्पनियां, बैंक खाते, नकद राशि, सोने के आभूषण और अपनी सम्पत्ति सबकुछ लाजमी के नाम लिख दी थी, जिस पर हजारिका के बेटे ने उनके निधन के बाद काफी बवाल किया था।

85 वर्ष की अवस्था में दुनिया को अलविदा कहा
आपको बता दें कि भूपेन हजारिका ने साल 2011 में लंबी बीमारी के बाद 85 वर्ष की अवस्था में दुनिया को अलविदा कह दिया था।
किडनी कैंसर के कारण हुई थी लाजिमी की मौत
तो वहीं 'रुदाली', 'दमन' और 'दरमियान' जैसी बेहतरीन फिल्मों का निर्देशन करने वाली डायरेक्टर कल्पना लाजमी का साल 2018 में मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया था, 61 साल की कल्पना लंबे समय से किडनी कैंसर की बीमारी से जूझ रही थीं।












Click it and Unblock the Notifications