'चलो बुलावा आया है, ट्रंप ने बुलाया है', Garry Sandhu ने ये क्या कह दिया? लाइव कॉन्सर्ट में मचा ऐसा बवाल
Garry Sandhu: फेमस पंजाबी सिंगर गैरी संधू इन दिनों विवादों में घिरे हैं। अमेरिका के कैलिफोर्निया में हुए एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने कुछ ऐसा कहा है जिसने धार्मिक विवाद खड़ा कर दिया है।
गैरी संधू के लाइव कॉन्सर्ट में मचा बवाल
दरअसल परफॉर्मेंस के दौरान गैरी संधू ने कथित तौर पर एक मशहूर हिंदू भक्ति गीत के बोलों को पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जोड़ते हुए गाया था। उन्होंने मंच पर गाते हुए कहा था- 'चलो बुलावा आया है, ट्रंप ने बुलाया है।'

गैरी संधू के खिलाफ शुरू हुआ विरोध
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर गैरी संधू के खिलाफ विरोध शुरू हो गया है और कई लोगों ने उन पर हिंदू भावनाओं को आहत करने का आरोप भी लगाया है। ये विवाद धीरे-धीरे बढ़ता ही जा रहा है।
हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का लगा आरोप
-शिवसेना पंजाब के नेता भानु प्रताप ने गैरी संधू के बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा है कि सिंगर ने एक भक्ति भजन को राजनीतिक हस्ती से जोड़कर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
-भानु प्रताप ने आगे कहा है- हम तरनतारन उपचुनाव के दौरान सभी हिंदू नेताओं के सामने ये मुद्दा उठाएंगे। ये तय किया जाएगा कि गैरी संधू के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कैसे किया जाए। इस तरह का अपमान किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर बढ़ी नाराजगी
इस घटना के बाद गैरी संधू को सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना झेलनी पड़ रही है। कई यूजर्स ने उन्हें धार्मिक गीतों का मजाक उड़ाने वाला कहा है और माफी मांगने की मांग भी की जा रही है।
गैरी संधू का विवादों से पुराना नाता
आपको बता दें कि गैरी संधू का विवादों से पुराना नाता रहा है। लगभग 11 महीने पहले ऑस्ट्रेलिया में एक लाइव शो के दौरान भी वह चर्चा में आए थे, जब एक फैन ने स्टेज पर चढ़कर उनकी गर्दन पकड़ ली थी। हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हमलावर को काबू में कर लिया था और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया था
कौन हैं गैरी संधू?
गैरी संधू का असली नाम गुरशरण संधू है। वह पंजाब के जालंधर जिले के रुरका कलां गांव के रहने वाले हैं। फिलहाल वह यूनाइटेड किंगडम (यूके) में रहते हैं, जहां से वह अपने संगीत करियर को आगे बढ़ा रहे हैं। वह एक फेमस पंजाबी सिंगर हैं। गैरी संधू सोशल मीडिया पर भी काफी पॉपुलर हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 53 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
गैरी संधू के पॉपुलर गाने
-गैरी संधू ने साल 2010 में अपने सुपरहिट गाने 'मैं नी पिंदा' (Main Ni Peenda) से इंडस्ट्री में धमाकेदार एंट्री की थी। ये गाना उस वक्त युवाओं के बीच बेहद फेमस हुआ था।
-इसके बाद गैरी संधू ने 'इल्लिगल वीपन' (Illegal Weapon), 'यस बेबी' (Yes Baby) और 'बंदा बन जा' (Banda Ban Ja) जैसे कई चार्टबस्टर गाने दिए हैं जिन्होंने भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी खूब पॉपुलैरिटी हासिल की है। उनके गानों में आमतौर पर प्यार, दिल टूटने और जश्न जैसे इमोशनल थीम देखने को मिलते हैं।
विवाद के बीच सिंगर की चुप्पी बरकरार
फिलहाल गैरी संधू ने इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है लेकिन सोशल मीडिया पर बढ़ते विरोध को देखते हुए अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या सिंगर जल्द ही माफी मांगेंगे या इसे लेकर कोई सफाई देंगे।












Click it and Unblock the Notifications