Gadar 2: ' जज्बात कभी हारते नहीं', 'गदर 2' के संगीतकार मिथुन ने खोला फिल्म की सक्सेस का राज, Exclusive
Gadar 2 Exclusive: सनी देओल और अमीषा पटेल की फिल्म 'गदर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा दिया है, लोग इस फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेजी हैं, फिल्म के गाने और संवाद लोगों की जुबान पर सिर चढ़कर बोल रहे हैं। इस फिल्म की सफलता के बारे में फिल्म के संगीतकार मिथुन ने वनइंडिया हिंदी से एक्सक्लूसिव बातचीत में एक दिल छू लेने वाली बात कही। उन्होंने कहा कि 'फिल्म 'गदर 2 ' महज एक फिल्म नहीं बल्कि एक जज्बात है और जज्बात कभी भी हारते नहीं हैं।'

मिथुन ने कहा कि फिल्म 'गदर 2' के लिए जब मैं डायरेक्टर अनिल शर्मा से मिला तो उन्होंने मुझसे कहा था कि 'ये फिल्म एक इमोशन है, जिससे लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई है, ये केवल एक आर्ट नहीं है।'
'मुझे लगता है ये भारतीय संस्कार हैं...'
मिथुन ने कहा कि 'हम तारा सिंह जी की बात करते हैं, उनके बेटे जीते की बात करते हैं, फिर वो उन्हें अलग देश यानी पाकिस्तान से लेकर आते हैं, ये जो एक बाप का हौसला है और एक मां के आंसू हैं, मुझे लगता है ये भारतीय संस्कार हैं, हमें बचपन से सिखाया गया है कि माता-पिता हमारे लिए भगवान समान हैं और माता-पिता के लिए बच्चों से बढ़कर कुछ भी नहीं हैं।'
'यही हमारी संस्कृति, मूल्य और विचार हैं'
संगीतकार ने आगे कहा कि 'हमारे जो माता-पिता हैं, उन्होंने हमें बड़ा करने के लिए खुद का जीवन बलिदान कर दिया। ये सिर्फ मेरी ही कहानी ही नहीं बल्कि आपकी भी कहानी होगी और यही कहानी हमारे देश के हर घर की होगी, ये ही हमारी संस्कृति, मूल्य और विचार हैं, जो कि पूरी दुनिया में जाने जाते हैं। तो मुझे लगता है कि भारतीय एथॉस का बहुत बड़ा हाथ है फिल्म 'गदर 2' को इतना बड़ा बनाने के लिए।'
'मैं सक्सेस को एक उत्सव की तरह देख रहा हूं'
मिथुन ने कहा कि 'इसलिए मैं इस फिल्म की सक्सेस को एक उत्सव की तरह देख रहा हूं। मैं बहुत खुश हूं, भारतीय सिनेमा का भक्त होने के नाते मुझे ये देखकर बहुत अच्छा लग रहा है। मैं थियेटर में भी गया था, लोगों की प्रतिक्रियाओं से बहुत ज्यादा अच्छा लग रहा है, लोग ट्रकों और ट्रैक्टरों में भर-भर कर फिल्म देखने जा रहे हैं।'
फिल्म 'गदर 2' ने बॉक्स ऑफिर पर मचाया Gadar
आपको बता दें कि सनी-अमीषा के अभिनय से सजी फिल्म 'गदर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया हुआ है। अब तक फिल्म ने कुल 283.35 करोड़ का कारोबार कर लिया है और बहुत जल्द ये फिल्म 300 करोड़ के क्ल्ब में शामिल हो जाएगी।
फिल्म 'गदर' का सिक्वल है...
ये फिल्म 22 साल पहले आई फिल्म 'गदर' का सिक्वल है,फिल्म में सनी-अमीषा के बेटे का रोल उत्कर्ष शर्मा ने निभाया है और उनके अपोजिट हैं सिमरत कौर, जिनके छोटे से रोल ने भी लोगों को प्रभावित किया है तो वहीं फिल्म में संगीत मिथुन का है, जिनके कर्णप्रिय काम ने इस फिल्म की सफलता में अहम भूमिका निभाई है तो वहीं फिल्म का निर्देशन अनिल शर्मा ने किया है।
यहां देखें संगीतकार मिथुन का पूरा इंटरव्यू
नोट: इस इंटरव्यू को आप वनइंडिया के You Tube चैनल पर भी देख सकते हैं-क्लिक करें यहां












Click it and Unblock the Notifications