Flashback 2022: इस साल दुनिया को अलविदा कह गए संगीत जगत के ये गजब के सितारे
Singers Who Died In 2022: संगीत जगत के लिए साल 2022 काफी बुरा साबित हुआ है। इस साल संगीत जगत के कई अनमोल सितारों ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है जिनकी यादें हमारे दिल में हमेशा बसी रहेंगी।

Singers Who Died In 2022: इस साल बॉलीवुड इंडस्ट्री में जहां कई नए लोगों ने एंट्री की वहीं कई लोग इस दुनिया को अलविदा भी कह गए। संगीत जगत के लिए ये साल काफी बुरा साबित हुआ है। साल 2022 में संगीत जगत के कई अनमोल सितारों ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। भारत की स्वर कोकिला लता मंगेशकर से लेकर बॉलीवुड के डिस्को किंग यानी बप्पी लाहिड़ी की इस साल मौत हो गई है। वहीं युवाओं के दिल की धड़कन कहे जाने वाले सिंगर केके से लेकर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का इस साल निधन हो गया। ऐसे में संगीत जगत को एक के बाद एक कई झटकों का सामना करना पड़ा है। आइए आपको बताते हैं ऐसे ही कुछ संगीत कलाकारों के बारे में जिन्होंने इस साल दुनिया को अलविदा कह दिया है।

केके
केके के नाम से मशहूर बॉलीवुड सिंगर कृष्णकुमार कुन्नाथ का गत 31 मई 2022 में कोलकाता में निधन हो गया था। उस समय केके की उम्र 53 वर्ष थी। आपको बता दें कि केके मौत से पहले कोलकाता में एक लाइव कंसर्ट में परफॉर्म कर रहे थे। संगीत समारोह के बीच में ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी। प्रोग्राम को जल्द समाप्त कर केके अपने होटल पहुंच गए थे लेकिन वहां पर उनकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ने लगी थी। इसके बाद उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। केके ने बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक गाने दिए हैं जिसे सुनकर लोग हमेशा उन्हें याद रखेंगे। केके की आवाज युवाओं के बीच काफी ज्यादा मशहूर है।

सिद्धू मूसेवाला
फेमस पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की 29 मई, 2022 को पंजाब के मनसा जिले में कई हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। सिंगर सिद्धू मूसेवाला ने अपने 'सो हाई' गाने के साथ लोगों के दिल में एक अलग जगह बना ली थी। उनके गाने 'गेम', वार्निंग शॉट्स, लीजेंड, टोचन को हमेशा याद किया जाएगा। सिद्धू मूसेवाला एक गायक, रैपर, अभिनेता और पंजाबी संगीत और पंजाबी सिनेमा से जुड़े राजनेता भी थे।

लता मंगेशकर
भारत रत्न प्राप्त दिवंगत गायिका लता मंगेशकर का 92 वर्ष की उम्र में गत 6 फरवरी, 2022 को निधन हो गया था। लता मंगेशकर की आवाज ने लोगों के दिलों में एक अलग छाप छोड़ी है। भारतीय संगीत जगत में उनका योगदान अतुलनीय है। नाइटिंगेल ऑफ इंडिया, क्वीन ऑफ मेलोडी और द वॉयस ऑफ इंडिया जैसे शीर्षकों से उन्हें नवाजा गया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने के अलावा लता मंगेशकर ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, बंगाल फिल्म पत्रकार संघ पुरस्कार और फिल्मफेयर भी शामिल हैं।

बप्पी लाहिड़ी
बॉलीवुड के 'डिस्को किंग' यानी बप्पी लाहिड़ी गत 15 फरवरी, 2022 को इस दुनिया को अलविदा कह गए थे। 69 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था। आपको बता दें कि सिर्फ 19 साल की उम्र में ही बप्पी लाहिड़ी ने फिल्म 'ज़ख्मी' (1975) के लिए म्यूजिक कंपोज किया था जिसके बाद उन्होंने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा। बप्पी लाहिड़ी ने कई हिंदी फिल्मों में दमदार म्यूजिक दिया है। साथ ही उन्होंने कई फिल्मों में प्लेबैक सिंगिंग भी की थी। सिर्फ हिंदी ही नहीं बल्कि उन्होंने बंगाली, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और गुजराती फिल्मों में भी म्यूजिक कंपोज किया है।

एडवा बशीर
मलयालम के लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर एडवा बशीर ने गत 28 मई 2022 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। उसी रात एक परफॉर्मेंस के दौरान मंच पर ही उनका निधन हो गया था। बशीर अपने निधन से कुछ समय पहले दर्शकों को एक गीत सुना रहे थे। बशीर की मौत के समय उनकी उम्र 87 साल थी।












Click it and Unblock the Notifications