पिता ऋषि कपूर ने दी थी बेटे रणबीर कपूर को चेतावनी, कहा था- बहुत पछताएगा तू....
रणबीर कपूर फिल्म 'शमशेरा' को जमकर प्रमोट कर रहे हैं। आजकल वह अपनी पर्सनल लाइफ पर खुलकर बात कर रहे हैं। इसी बीच रणबीर ने पिता ऋषि कपूर और निर्देशक करण मल्होत्रा से जुड़ा एक किस्सा लोगों के लिए शेयर किया।
मुंबई, 12 जुलाईः बॉलीवुड के क्यूट हीरो रणबीर कपूर इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। एक तरफ जहां उनकी 2 फिल्में रिलीज के लिए तैयार हैं वहीं उनकी पत्नी आलिया भट्ट की प्रेग्नेंसी की खबर ने भी उन्हें सुर्खियों में ला दिया है। रणबीर कपूर की फिल्म 'शमशेरा' आगामी 22 जुलाई को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में उनके साथ वाणी कपूर और संजय दत्त नजर आने वाले हैं। फिलहाल रणबीर कपूर अपनी इस अपकमिंग फिल्म के प्रमोशन में जुटे हुए हैं। रणबीर फिल्म 'शमशेरा' को जमकर प्रमोट कर रहे हैं। इस फिल्म के साथ ही रणबीर करीब 4 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। आजकल वह अपनी पर्सनल लाइफ पर भी खुलकर बात कर रहे हैं। इस बीच रणबीर ने पिता ऋषि कपूर और निर्देशक करण मल्होत्रा से जुड़ा एक किस्सा लोगों के लिए शेयर किया।

ऋषि कपूर ने रणबीर को दी थी चेतावनी
रणबीर कपूर ने बॉलीवुड हंगामा से बातचीत के दौरान खुलकर कई सवालों के जवाब दिए। फिल्म 'शमशेरा' के निर्देशक करण मल्होत्रा हैं और रणबीर के पिता ऋषि कपूर भी करण मल्होत्रा के साथ फिल्म 'अग्निपथ' में काम कर चुके हैं। इस बारे में रणबीर ने कहा- हां उन्होंने मुझे चेतावनी दी थी, तू बहुत पछताएगा। करण मल्होत्रा बहुत ही हार्ड टास्क मास्टर है, बहुत सारे टास्क कराते हैं और बड़ा तड़पाते हैं। तो तैयार रहना। लेकिन जब हम फिल्म देखते हैं तो सारी मेहनत वसूल हो जाती है।

'शमशेरा' में काम करना डरावने सपने जैसा
रणबीर ने आगे कहा- फिल्म 'शमशेरा' में काम करना एक डरावने सपने जैसा था। ये मेरे लिए, वाणी के लिए और हम सभी के लिए... शारीरिक तौर पर सबसे अधिक थका देने वाली फिल्म थी। हम सभी धूल मिट्टे में सने रहते थे। हम मुंबई की गर्मी में ऊनी कपड़े पहनकर शूट कर रहे थे। मेरी एक मोटी-घनी दाढ़ी थी और इन सबके साथ मुझे एक्शन करना था। ये सब बहुत मुश्किल था। रणबीर ने इसके बाद फिल्म के कलेक्शन को लेकर भी बात की।

बॉक्स ऑफिस के लिए सोचना जरूरी
इस इंटरव्यू में रणबीर से पूछा गया कि उनकी पिछली फिल्म ने 300 करोड़ का कलेक्शन किया था, क्या आप कलेक्शन के बारे में सोचते हैं? इस पर रणबीर ने कहा- बॉक्स ऑफिस ही सबसे जरूरी चीज है, सिनेमा पर्सनल सैटिस्फैक्शन के लिए नहीं है। आप इसे दर्शकों के लिए बनाते हैं, मैंने जो फिल्में की हैं, मुझे उनका दुख नहीं है।

एक्टिंग को मिक्स करना जरूरी
रणबीर ने आगे कहा- मुझे पता था कि मैं क्या कर रहा हूं, मुझे पता था कि कौन सी ऑडियंस के लिए कौन सी फिल्म सही रहेगी। अब मैं बिग स्क्रीन फिल्में कर रहा हूं, बतौर आर्टिस्ट आपको मिक्स करते रहना पड़ता है। 'शमशेरा' और 'ब्रह्मस्त्र' दोनों ही बड़ी फिल्में हैं। दोनों में मैंने अलग तरह का काम किया है।

जल्द 2 फिल्में होंगी रिलीज
आपको बता दें कि आगामी 22 जुलाई को रणबीर कपूर की फिल्म 'शमशेरा' रिलीज होगी। इस फिल्म में वह एक्ट्रेस वाणी कपूर के साथ रोमांस करते नजर आएंगे। वहीं इसके बाद 9 सितंबर को उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' रिलीज होगी जिसमें वह अपनी रियल लाइफ पत्नी एक्ट्रेस आलिया भट्ट के साथ नजर आने वाले हैं। लोगों को रणबीर की इन दोनों फिल्मों का बेसब्री से इंतजार है।












Click it and Unblock the Notifications