अभिनेता आर माधवन और राइटर चेतन भगत के बीच ट्विटर वॉर देखकर फैंस हुए परेशान, बाद में सुलझी गुत्थी
अभिनेता आर माधवन और प्रसिद्ध लेखक चेतन भगत के बीच सोमवार को ट्विटर पर युद्ध छिड़ गया। यह युद्ध इतना भयंकर था, कि जिसने भी इस युद्ध को देखा वो भौचक्का रह गया।
मुंबई, 21 दिसंबर। अभिनेता आर माधवन और प्रसिद्ध लेखक चेतन भगत के बीच सोमवार को ट्विटर पर युद्ध छिड़ गया। यह युद्ध इतना भयंकर था, कि जिसने भी इस युद्ध को देखा वो भौचक्का रह गया। लोगों के मन में 50 सवाल थे कि आखिर दोनों के बीच इतनी लंबी बहस क्यों चल रही है, लेकिन जब मामले का खुलासा हुआ तब कहीं जाकर लोगों की सांस में सांस आई।

नेटफ्लिक्स का यह सवाल बना बहस की वजह
दरअसल नेटफ्लिक्स इंडिया ने एक ट्वीट कर सवाल पूछा कि किसाबें ज्यादा बेहत हैं या फिल्में?
इस प्रश्न का जवाब देने वाले सैकड़ों लोगों में चेतन भगत भी थे, चेतन ने इस प्रश्न के जवाब में लिखा- मेरी किताबें और उन पर बनी फिल्में।
चेतन भगत के तुरंत बाद अभिनेता आर माधवन ने जो जवाब दिया वह चेतन को नागवार गुजरा।
माधवन ने कहा- हे चेतन...मेरा मानना है कि फिल्में किताबों से बड़ी होती हैं।
इसके बाद बहस लंबी खिंचनी ही थी और खिंची भी।
चेतन ने इसके जवाब में कहा- क्या आपने कभी किसी को ये कहते हुए सुना है कि कोई फिल्म किताब से बेहतर थी?
माधवन- हां 3 इडियट्स

मुझे मत सिखाइए जाकर मेरी किताबें पढ़ें
इस पर चेतन ने लिखा- आप मेरे आगे 3 इडियट्स का नाम ले रहे हो। मुझे मत सिखाइए, जाकर मेरी किताब पढ़ें।
बहस बढ़ती ही जा रही थी, और दोनों के फैंस परेशान थे कि आखिर इतनी सी बात पर दोनों लड़ क्यों रहे हैं। अब आगे का हाल जानें...
चेतन का जवाब देते हुए माधवन ने लिखा- अगर आपको किताबें इतनी ही पसंद हैं, तो आप नेटफ्लिक्स के मेरे नए शो 'डीकपल्ड' में क्यों हो?

क्या खराब ढंग से अपनी सीरीज का प्रमोशन किया है
इस पर चेतन ने लिखा- हाहाहा, कितने खराब ढंग से अपनी सीरीज का प्रमोशन किया है या सिर्फ मुझे ही लग रहा है। मैं किसी पानमसाला ब्रांड वाले अवॉर्ड शो से ज्यादा पुलित्जर को अहमियत दूंगा।
माधवन- मैं बेस्टसेलर से ज्यादा तीन सौ करोड़ क्लब को महत्व दूंगा।
जैसे-जैसे बहस बड़ी वैसे वैसे चेतन भगत के कमेंट से लगा कि वो अधीर और नाराज हो रहे हैं। जैसे आर माधवन के जवाब के बाद चेतन ने लिखा- खैर, मैं तो चेतन भगत के नाम से पहचाना जाना ज्यादा पसंद करता हूं। बजाय किस फिल्म के किरदार फरहान के नाम से।
चेतन को जवाब देते हुए माधवन ने लिखा- मैं सिर्फ फरहान के नाम से नहीं जाना जाता। मैं तनु वेड्स मनु के मनु के नाम से भी जाना जाता हूं। अलैपयुदे के कार्तिक के नाम से भी जाना जाता हूं और मेरे फेवरेट मैडी के नाम से भी, क्योंकि मैं रहता हूं सब के दिल में।
चेतन की बारी आने पर उन्होंने लिखा- वाह, अगर ये आपका राइटिंग टेस्ट होता तो मेरी तरफ से आप पास थे। वैसे सही-सही बताएं आपको मेरा नेटफ्लिक्स डेब्यू कैसा लगा?

अंत में सुलझी गुत्थी
इस पर माधवन ने कहा- आपकी किताबों की तरह आप भी बड़ी स्क्रीन पर ज्यादा अच्छे लगते हैं। वास्तव में आप शो में कमाल थे भाई। अब जाकर इस मामले की गुत्थी सुलझी और फैंस ने लिखा ये सब तो स्क्रिप्टेड था।
इस पर माधवन ने कहा हां जी बिल्कुल यह स्क्रिप्टेड था, चेतन मेरा भाई है हम तो पब्लिसिटी ड्रिल कर रहे थे। तो अब आपकी समझ में आ गया होगा कि दोनों के बीच की यह बहस एक पब्लिसिटी स्टंट था, जिसमें एक फिल्म की पब्लिसिटी के लिए ऐसा किया गया।












Click it and Unblock the Notifications