Elvish Yadav: इस अभिनेत्री पर टिप्पणी कर फंसे एल्विश यादव, 17 फरवरी को NCW के सामने होना होगा पेश
Elvish Yadav: देश के चर्चित यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया के बाद अब एल्विश यादव की मुश्किलें बढ़ने वाली है। वैसे एल्विश यादव का विवादों से पुराना नाता है। अक्सर वे किसी न किसी विवाद में रहते हैं। लेकिन इस बार वे बुरी तरह से फंसते हुए नजर आ रहे हैं।
एक्ट्रेस चुम दरंग के खिलाफ कथित नस्लवादी टिप्पणी को लेकर उनके ऊपर अब शिकंजा कसा जा रहा है। उन्हें राष्ट्रीय महिला आयोग ने नोटिस भेजा है।

17 फरवरी को NCW के सामने होना होगा पेश
राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से यूट्यूबर को 17 फरवरी को पेश होने के लिए कहा गया है। बिग बॉस 18 के प्रतियोगी रजत दलाल के साथ एक पॉडकास्ट में एल्विस यादव ने कथित तौर पर दरंग के खिलाफ नस्लवादी टिप्पणी की और उनका मजाक उड़ाया। इसी को लेकर उनको NCW ने नोटिस भेजा है।
पॉडकास्ट में की टिप्पणी
यूट्यूबर एल्विश यादव ने पॉडकास्ट के दौरान अभिनेत्री दरंग के खिलाफ फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' में रोल को लेकर मजाक उड़ाया था। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। जिस पर लोगों ने उनके ऊपर कार्रवाई की मांग की साथ ही लोगों ने एल्विश के इस बयान की निंदा की।
अभिनेत्री दरंग ने एल्विश पर साधा निशाना
बिग बॉस की प्रतियोगी चुम ने भी एल्विश के वीडियो पर प्रतिक्रिया दी और एल्विश की टिप्पणियों की निंदा करते हुए एक नोट पोस्ट किया। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में, चुम ने एल्विश का नाम लिए बगैर बताया कि, उसने मजाक और नफ़रत के बीच की रेखा को पार कर लिया है।
उन्होंने आगे लिखा कि, 'किसी की पहचान और नाम का अनादर करना 'मज़ेदार' नहीं है। किसी की उपलब्धियों का मज़ाक उड़ाना 'मज़ाक' नहीं है। समय आ गया है कि हम हास्य और नफ़रत के बीच की रेखा खींचें।
इससे भी अधिक निराशाजनक यह है कि यह सिर्फ मेरी जातीयता के बारे में नहीं था, मेरी कड़ी मेहनत और संजय लीला भंसाली जैसे डायरेक्टर का भी अपमान किया गया'












Click it and Unblock the Notifications