मनी लॉन्ड्रिंग मामले में यूट्यूबर एल्विश यादव से होगी पूछताछ, सामने आई ये बड़ी बात
Elvish Yadav: आगामी 23 जुलाई को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने यूट्यूबर सिद्धार्थ यादव उर्फ एल्विश यादव को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ये मामला यादव द्वारा आयोजित पार्टियों में मनोरंजन के लिए सांप के जहर के संदिग्ध इस्तेमाल से जुड़ा है।
एल्विश यादव पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप
केंद्रीय एजेंसी ने मई में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया था। ये कार्रवाई गौतम बुद्ध नगर, नोएडा जिले, उत्तर प्रदेश में पुलिस द्वारा यादव और उनके सहयोगियों के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर और चार्जशीट के बाद की गई।

लखनऊ में ईडी कार्यालय में पेश होंगे एल्विश यादव
सूत्रों के अनुसार एल्विश यादव को पहले इस सप्ताह लखनऊ में ईडी कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया था। हालांकि, उन्होंने विदेश यात्रा और पेशेवर प्रतिबद्धताओं के कारण स्थगन का अनुरोध किया है। उन्हें 23 जुलाई 2024 को जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
राहुल फाजिलपुरिया से ईडी ने की थी पूछताछ
इस सप्ताह की शुरुआत में ईडी ने हरियाणा के गायक राहुल यादव, जिन्हें राहुल फाजिलपुरिया के नाम से भी जाना जाता है, से पूछताछ की थी, जो कथित तौर पर एल्विश यादव से जुड़े हैं। राहुल यादव से आगे भी पूछताछ हो सकती है। ईडी रेव पार्टियों के आयोजन के लिए अवैध धन के कथित इस्तेमाल और इन गतिविधियों से होने वाली आय की जांच कर रही है।
एल्विश यादव ने जीता था बिग बॉस ओटीटी 2
एल्विश यादव को गत 17 मार्च 2024 को नोएडा पुलिस ने पार्टियों में मनोरंजन के लिए सांप के जहर का इस्तेमाल करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। 26 वर्षीय यूट्यूबर, जिसने रिएलिटी शो बिग बॉस ओटीटी 2 भी जीता था, पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप हैं।
नोएडा के सेक्टर 49 पुलिस स्टेशन में दर्ज हुई थी एफआईआर
एल्विश यादव उन 6 व्यक्तियों में से एक हैं, जिनका नाम पिछले साल 3 नवंबर को नोएडा के सेक्टर 49 पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में दर्ज किया गया था। ये शिकायत एनजीओ पीपल फॉर एनिमल्स (पीएफए) के प्रतिनिधि द्वारा दर्ज कराई गई थी। अन्य पांच आरोपी, सभी सपेरे, नवंबर में गिरफ्तार किए गए थे और बाद में एक स्थानीय अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी। इन सपेरों को पिछले साल 3 नवंबर को नोएडा के एक बैंक्वेट हॉल में पकड़ा गया था। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच कोबरा सहित 9 सांपों को बचाया और 20 मिलीलीटर संदिग्ध सांप का जहर जब्त किया था।
1200 पन्नों से ज्यादा की चार्जशीट दाखिल
पुलिस ने कहा कि एल्विश यादव उस समय बैंक्वेट हॉल में मौजूद नहीं था और मामले में उसकी भूमिका की अभी भी जांच चल रही है। अप्रैल में, नोएडा पुलिस ने इस मामले में 1200 पन्नों से ज्यादा की चार्जशीट दाखिल की है। आरोपों में सांपों की तस्करी, नशीली दवाओं का इस्तेमाल और रेव पार्टियों का आयोजन शामिल है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications