दिलजीत दोसांझ की 'Satluj' को लेकर नया विवाद, रिलीज के 48 घंटे बाद OTT से गायब हुई फिल्म, क्या है कारण?
Diljit Dosanjh Satluj: दिलजीत दोसांझ की बहुचर्चित फिल्म 'सतलुज' एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। सालों तक सेंसर बोर्ड से जुड़े विवादों में फंसी रहने के बाद ये फिल्म हाल ही में OTT प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज हुई थी लेकिन रिलीज के सिर्फ दो दिन के अंदर ही इसे भारत में प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया। इस फैसले ने दर्शकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री में भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिलीज के 48 घंटे बाद OTT से गायब हुई 'सतलुज'
आपको बता दें कि दिलजीत दोसांझ की ये फिल्म पहले 'पंजाब 95' नाम से चर्चा में थी लेकिन बाद में इसका नाम बदलकर 'सतलुज'कर दिया गया। लंबे इंतजार के बाद जब दर्शकों को इसे देखने का मौका मिला तो अचानक इसके हटाए जाने की खबर ने सभी को चौंका दिया है।

ZEE5 ने फिल्म हटाने के बाद क्या कहा?
-फिल्म के ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटने के बाद ZEE5 ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए दर्शकों के सपोर्ट के लिए आभार जताया है। प्लेटफॉर्म ने कहा कि रिलीज के बाद फिल्म को शानदार प्रतिक्रिया मिली और दर्शकों ने इसे भरपूर प्यार दिया है।
-अपने बयान में ZEE5 ने स्पष्ट किया है कि वह फिल्म और उसके रचनात्मक दृष्टिकोण के साथ मजबूती से खड़ा है। साथ ही ये भी कहा गया है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए 'सतलुज' को भारत में अगले आदेश तक उपलब्ध नहीं कराया जा सकेगा। हालांकि प्लेटफॉर्म ने भरोसा दिलाया कि सभी कानूनी और आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए फिल्म को दोबारा दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।
सेंसर विवादों के कारण सालों तक अटकी रही फिल्म
-'सतलुज' मूवी का सफर शुरू से ही आसान नहीं रहा। फिल्म कई सालों तक सेंसर बोर्ड के साथ विवादों में उलझी रही थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म में 127 से अधिक कट और बदलाव सुझाए गए थे। इसकी कहानी और विषयवस्तु को संवेदनशील माना गया था, जिसके चलते इसे थिएटर रिलीज की मंजूरी नहीं मिल सकी।
-हालांकि कुछ अंतरराष्ट्रीय क्षेत्रों में फिल्म का प्रदर्शन किया गया था लेकिन भारत में इसकी रिलीज लगातार टलती रही। OTT पर रिलीज को लेकर भी उम्मीदें थीं कि दर्शक आखिरकार इस कहानी को देख सकेंगे लेकिन अब यहां भी इसका सफर अधूरा रह गया।
दिलजीत दोसांझ को पहले ही था अंदेशा?
-फिल्म के हटाए जाने से पहले ही दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया पर संकेत दिया था कि 'सतलुज' ज्यादा समय तक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं रह सकती। इंस्टाग्राम लाइव के दौरान उन्होंने फैंस से बातचीत में कहा था कि उन्हें नहीं पता फिल्म कब तक रहेगी लेकिन अब उन्हें इसकी चिंता नहीं है।
-उनकी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वह ये कहते नजर आ रहे हैं कि एक बार फिल्म दर्शकों तक पहुंच गई है तो उसकी कहानी लोगों के बीच बनी रहेगी। उनके इस बयान को अब फिल्म हटने की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।
OTT से हटने के बाद दिलजीत की प्रतिक्रिया
फिल्म हटाए जाने के कुछ समय बाद दिलजीत दोसांझ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का एक सीन शेयर किया है। इस वीडियो में उनका किरदार ये संदेश देता दिखाई देता है कि वह अंधेरे को चुनौती देता है। दिलजीत की इस पोस्ट को कई फैंस ने मौजूदा घटनाक्रम पर उनकी प्रतिक्रिया के रूप में देखा। सोशल मीडिया पर उनके समर्थक फिल्म को दोबारा उपलब्ध कराने की मांग भी उठा रहे हैं।
कौन थे जसवंत सिंह खालरा, जिनकी कहानी पर आधारित है फिल्म?
-निर्देशक हनी त्रेहान की फिल्म 'सतलज' मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन और संघर्ष पर आधारित है। जसवंत सिंह खालरा ने 1990 के दशक में पंजाब में कथित तौर पर लापता हुए हजारों सिख युवाओं के मामलों को सामने लाने का प्रयास किया था।
-जसवंत सिंह खालरा ने उन मामलों की जांच की थी जिनमें लोगों को आतंकवादी बताकर कथित फर्जी मुठभेड़ों में मारने और बाद में उनकी पहचान छिपाने के आरोप लगाए गए थे। उनके खुलासों ने उस दौर में बड़ा राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव डाला था।
-बाद में जसवंत सिंह खालरा खुद भी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे और उनका मामला देशभर में चर्चा का विषय बना था। फिल्म में दिलजीत दोसांझ ने जसवंत सिंह खालरा का किरदार निभाया है जबकि अर्जुन रामपाल और सुविंदर विक्की भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
दर्शकों पर छोड़ा गहरा असर
-OTT पर उपलब्ध रहने के दौरान सीमित समय में भी 'सतलज' ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा। फिल्म देखने वाले कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं शेयर कीं और इसे एक प्रभावशाली और संवेदनशील कहानी बताया। यही वजह है कि फिल्म के अचानक हटाए जाने के बाद इसकी चर्चा पहले से कहीं अधिक तेज हो गई है।
-'सतलज' का सफर भारतीय सिनेमा की उन फिल्मों में शामिल हो गया है, जो रिलीज से ज्यादा अपने विवादों के कारण चर्चा में रहीं। सेंसर विवाद, नाम परिवर्तन और अब OTT से हटाए जाने की घटना ने इसे फिर सुर्खियों में ला दिया है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि फिल्म दोबारा भारतीय दर्शकों के लिए कब उपलब्ध होगी।












Click it and Unblock the Notifications