Dhurandhar की सिंगर रेबल के साथ हुआ बड़ा हादसा, लाइव शो के बीच चेहरे पर लगा ड्रोन, मिनटों में वीडियो वायरल
Dhurandhar Singer Reble Accident: फिल्म 'धुरंधर' के गानों से सुर्खियां बटोर रहीं रैपर और सिंगर रेबल के साथ लाइव परफॉर्मेंस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया है। असम के गुवाहाटी में एक अवॉर्ड समारोह में स्टेज पर गाते वक्त अचानक ड्रोन उनके चेहरे से टकरा गया। इस अप्रत्याशित घटना से सिंगर घबरा गईं और उन्हें बीच में ही अपना परफॉर्मेंस रोकना पड़ा। घटना के तुरंत बाद वह स्टेज से नीचे उतर गईं। अब इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
'धुरंधर' की सिंगर रेबल का हुआ एक्सीडेंट
ये घटना 26 नवंबर 2026 को असम के हतिसिला में आयोजित 'पल्स 2026 अवॉर्ड्स' के दौरान हुई। रेबल उस समय अपना गाना 'रन डाउन द सिटी' गा रही थीं। इसी दौरान ड्रोन आकर उनके चेहरे से टकरा गया। अचानक हुई इस घटना ने वहां मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया। हालांकि सिंगर की चोट और उनकी सेहत को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

स्टेज पर परफॉर्म करते वक्त अचानक हुआ हादसा
-गुवाहाटी में आयोजित अवॉर्ड शो के दौरान रेबल पूरे जोश के साथ स्टेज पर गाना गा रही थीं। तभी एक ड्रोन अचानक उनके चेहरे से टकरा गया। इस घटना के बाद सिंगर कुछ पल के लिए असहज हो गईं और उन्होंने तुरंत गाना रोक दिया। कुछ ही देर बाद वह स्टेज से उतर गईं।
-हादसे का वीडियो कार्यक्रम में मौजूद एक इंस्टाग्राम यूजर 'जमान डायरीज' ने शेयर किया है। वीडियो में रेबल डांस करते हुए और गाने पर थिरकते हुए दिखाई देती हैं लेकिन अचानक ड्रोन के टकराने से उनकी परफॉर्मेंस रुक जाती है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को देखकर फैंस उनके लिए चिंता जाहिर कर रहे हैं।
रेबल की हेल्थ पर नहीं आया कोई अपडेट
-ड्रोन टकराने के बाद रेबल जिस तरह तुरंत स्टेज से नीचे चली गईं, उससे उनके फैंस परेशान हैं। लोगों को चिंता है कि इस हादसे में उनके चेहरे या सिर पर चोट लगी होगी। हालांकि अभी तक ये स्पष्ट नहीं हुआ है कि उन्हें कितनी चोट आई है और मेडिकल जांच कराई गई या नहीं।
-रेबल की तरफ से भी अब तक हादसे को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर यूजर्स इवेंट के सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि लाइव शो में ड्रोन का इस्तेमाल बेहद सावधानी से किया जाना चाहिए क्योंकि कलाकारों के बेहद करीब उड़ने वाले ड्रोन गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
'धुरंधर' के तीन गानों में रेबल ने दी है आवाज
रेबल इन दिनों फिल्म 'धुरंधर' के म्यूजिक को लेकर भी खूब चर्चा में हैं। उन्होंने इस फिल्म के तीन गानों 'रन डाउन द सिटी- मोनिका', 'मूव- ये इश्क इश्क' और 'नल्ल नचना' में अपनी आवाज दी है। गायकी के अलावा उन्होंने संगीतकार शाश्वत सचदेव के साथ गानों के लिरिक्स में भी योगदान दिया है। फिल्म में उनके गानों को लेकर चर्चा के बीच गुवाहाटी के अवॉर्ड शो में वह 'रन डाउन द सिटी' की लाइव प्रस्तुति दे रही थीं। इसी दौरान यह हादसा हुआ, जिसके बाद उन्हें अपना शो रोकना पड़ा।
कौन हैं रेबल, जिनके गाने 'धुरंधर' में हुए हैं शामिल?
रेबल का असली नाम दाइफी लमारे है। वह मेघालय की रहने वाली सिंगर और रैपर हैं। अपने अलग म्यूजिक स्टाइल और आवाज के जरिए उन्होंने पहचान बनाई है। फिल्म 'धुरंधर' में गाने के बाद उनकी लोकप्रियता और चर्चा दोनों बढ़ी हैं। गुवाहाटी में पल्स 2026 अवॉर्ड्स के मंच पर उनकी परफॉर्मेंस भी इसी वजह से खास मानी जा रही थी।
बेनी दयाल और निकिता गांधी के साथ भी हो चुका है ऐसा हादसा
-लाइव कॉन्सर्ट में ड्रोन से टकराने की घटना रेबल के साथ पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले सिंगर बेनी दयाल भी ड्रोन हादसे का शिकार हो चुके हैं। साल 2023 में चेन्नई के वीआईटी में परफॉर्मेंस के दौरान ड्रोन उनके सिर के पिछले हिस्से से टकरा गया था। इस दुर्घटना में उनके सिर और उंगलियों पर चोट आई थी। बाद में उन्होंने इवेंट आयोजकों से प्रशिक्षित और सर्टिफाइड ड्रोन ऑपरेटरों को नियुक्त करने की अपील की थी।
-वहीं मई 2026 में सिंगर निकिता गांधी भी रेमा के कॉन्सर्ट के दौरान ड्रोन की चपेट में आकर घायल हो गई थीं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं बड़े आयोजनों में ड्रोन के इस्तेमाल और कलाकारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर रही हैं। रेबल के साथ हुआ हादसा भी इस बात की याद दिलाता है कि मनोरंजन के बड़े मंचों पर सुरक्षा में जरा सी चूक भारी पड़ सकती है।


Click it and Unblock the Notifications
