'धुरंधर 2' नेटफ्लिक्स पर नहीं होगी रिलीज, मेकर्स ने भारी-भरकम पैसों में इस OTT को बेचे राइट्स
रणवीर सिंह की मोस्ट अवेटेड स्पाई थ्रिलर 'धुरंधर 2' को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इस बार फिल्म नेटफ्लिक्स नहीं स्ट्रीम होगी। मेकर्स ने नए प्लेटफॉर्म के साथ डील की है। पार्ट 2 के डिजिटल राइट्स करीब ₹150 करोड़ में बिक हैं, जिसे हाल के वर्षों की सबसे बड़ी ओटीटी डील्स में गिना जा रहा है।

पहले पार्ट की रिकॉर्डतोड़ सफलता
आदित्य धर के निर्देशन में बनी पहली फिल्म 'धुरंधर' ने बॉक्स ऑफिस पर ₹1300 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी। दिसंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के बाद फिल्म ने करीब दो महीने तक शानदार प्रदर्शन किया और फिर 30 जनवरी 2026 को नेटफ्लिक्स पर प्रीमियर हुई। वहां भी यह तेजी से ग्लोबल चार्ट्स में टॉप पर पहुंच गई थी।
नेटफ्लिक्स से क्यों टूटा रिश्ता
इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक, नेटफ्लिक्स ने पहले ही दोनों भागों के डिजिटल राइट्स के लिए करीब ₹175 करोड़ की पेशकश की थी। हालांकि, मेकर्स ने पहले पार्ट के थिएट्रिकल और ओटीटी परफॉर्मेंस को देखने के बाद ही फैसला लेने का मन बनाया। जब 'धुरंधर' ने हर मोर्चे पर उम्मीद से बेहतर नतीजे दिए, तो दूसरे भाग के लिए अलग और ज्यादा फायदेमंद डील की गई।
₹150 करोड़ में जियोहॉटस्टार ने खरीदे राइट्स
अब जियो स्टूडियोज और जियोहॉटस्टार ने मिलकर सिर्फ 'धुरंधर 2' के डिजिटल अधिकार ₹150 करोड़ में हासिल किए हैं। रणवीर सिंह के साथ इस बार भी अक्षय खन्ना अहम भूमिका में नज़र आएंगे, जिससे फिल्म की स्टार वैल्यू और बढ़ गई है।
19 मार्च 2026 को थिएटर में रिलीज़
'धुरंधर: द रिवेंज' नाम से आ रही इस सीक्वल फिल्म की सिनेमाघर रिलीज़ 19 मार्च 2026 तय की गई है। खास बात यह है कि इस बार मेकर्स ने इसे पैन-इंडिया लेवल पर उतारने का फैसला किया है। फिल्म हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी रिलीज़ होगी।
कब आएगी ओटीटी पर
थिएटर रिलीज़ के बाद स्टैंडर्ड आठ हफ्तों की विंडो पूरी होने पर फिल्म मई 2026 के दूसरे हफ्ते में जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम की जाएगी। इससे सिनेमाघरों को पर्याप्त समय मिलेगा और बाद में ओटीटी ऑडियंस को भी फिल्म देखने का मौका मिलेगा।
ओटीटी बाजार में बदलता ट्रेंड
'धुरंधर 2' का नेटफ्लिक्स से जियोहॉटस्टार पर शिफ्ट होना भारतीय ओटीटी इंडस्ट्री में बड़े बदलाव की ओर इशारा करता है। रिलायंस जियो इकोसिस्टम से जुड़े होने के कारण जियोहॉटस्टार की पहुंच शहरी ही नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों तक भी मजबूत है, जिससे फिल्म को और बड़ा दर्शक वर्ग मिल सकता है।
पहले भाग ने ओटीटी पर भी तोड़े रिकॉर्ड
गौरतलब है कि पहली फिल्म 'धुरंधर' को पाकिस्तान और खाड़ी देशों में थिएट्रिकल बैन का सामना करना पड़ा था, इसके बावजूद ओटीटी पर इसे जबरदस्त सफलता मिली। इसने यह साबित कर दिया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म भारतीय फिल्मों को सेंसरशिप और सीमित रिलीज़ जैसी बाधाओं से पार ले जाकर वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। अब जब 'धुरंधर 2' एक नए प्लेटफॉर्म, बड़ी डील और पैन-इंडिया रिलीज़ रणनीति के साथ आ रही है, तो इंडस्ट्री और दर्शकों दोनों को इससे पहले से भी बड़ी कामयाबी की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications