'मैं एकदम सोफे के कोने पर बैठी थी और...' दीपिका ने बताया शाहरुख से पहली मुलाकात का किस्सा
मुंबई, 11 मार्च: एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण इन दिनों अपनी फिल्मों की शूटिंग में काफी बिजी हैं। इन दिनों वो शाहरुख खान के साथ फिल्म पठान की शूटिंग कर रही हैं, जिसका लोगों को काफी बेसब्री से इंतजार है। फिल्म इंडस्ट्री में डेढ़ दशक का सफर पूरा कर चुकीं दीपिका ने शाहरुख के साथ ही अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। दीपिका ने एक इंटरव्यू में शाहरुख खान के साथ अपनी पहली मुलाकात का दिलचस्प किस्सा शेयर किया है।

ओम शांति ओम के लिए पहली बार शाहरुख से मिली
दीपिका पादुकोण ने एक इंटरनेशनल मैगजीन को इंटरव्यू दिया है। साल 2007 में शाहरुख खान के साथ फिल्म ओम शांति ओम से हिंदी फिल्मों में अपनी शुरुआत करने वाली दीपिका का कहना है कि जब वो पहली बार शाहरुख खान से मिलीं तो एकदम हतप्रभ थीं। उन्होंने कहा, मुझे याद है कि मैं सोफे के एकदम किनारे पर बैठा थी और इंडस्ट्री से सुपरस्टार के साथ होने की बात से ही घबराई हुई थी, मेरे मुंह से बोल नहीं फूट रहा था।

मुझे बिना ऑडिशन के मिली थी ये फिल्म
दीपिका ने खुलासा किया कि फिल्म की निर्देशक फराह खान ने ओम शांति ओम में शांतिप्रिया की भूमिका के लिए उनका कोई ऑडिशन नहीं लिया था। सीधे मुझे साइन कर लिया गया था। आज भी मैं सोचती हूं कि फराह खान ने ऐसे ही कैसे मुझे ले लिया था।

बॉलीवुड ही नहीं हॉलीवुड में भी कर चुकीं काम
दीपिका पादुकोण मशहूर बैंडमिटन खिलाड़ी रहे प्रकाश पादुकोण की बेटी हैं। दीपिका पादुकोण ने ओम शांति ओम के अलावा, कॉकटेल, ये जवानी है दीवानी, चेन्नई एक्सप्रेस, गोलियों की रासलीला रामलीला, बाजीराव मस्तानी, पद्मावत और छपाक जैसी फिल्मों में काम किया है। उन्होंने बॉलीवुड के साथ-साथ हॉलीवुड की फिल्में भी की हैं।

सबसे सफल हीरोइनों में होती है गिनती
दीपिका पादुकोण आज के समय में हिन्दी सिनेमा की सबसे सफल हीरोइनों में गिनी जाती हैं। दीपिका इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली एक्ट्रेस में से एक हैं। खबरों की मानें तो हालिया फिल्म गहराइयां के लिए उन्होंने करीब 15 करोड़ फीस ली है। दीपिका कई बड़े इंटरनेशनल ब्रांड्स का फेस भी है। इतना ही नहीं उन्होंने कुछ समय पहले अपना खुद का प्रोडक्शन हाउस भी शुरू किया है।












Click it and Unblock the Notifications