'सिटाडेल' का धमाकेदार टीजर रिलीज, जबरदस्त एक्शन करती दिखाई दीं प्रियंका चोपड़ा
Citadel Teaser Out: 'सिटाडेल' वेब सीरीज के टीजर में प्रियंका चोपड़ा और रिचर्ड मैडेन के एक्शन की झलक दिखाई दे रही है। इस वेब सीरीज में प्रियंका चोपड़ा एक जासूस का किरदार निभाती नजर आ रही हैं।

Citadel Teaser Out: बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक में अपनी एक्टिंग का जादू चलाने वाली एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ी की इंग्लिश वेब सीरीज 'सिटाडेल' का टीजर आज रिलीज हो गया है। प्रियंका चोपड़ा की अपकमिंग वेब सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। इस वेब सीरीज में रिचर्ड मैडेन और स्टेनली टुकी के साथ फेमस एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा नजर आने वाली हैं। इस सीरीज में प्रियंका दमदार एक्शन करती दिखाई देंगी। वेब सीरीज के टीजर में ही प्रियंका चोपड़ा एक्शन स्टंट परफॉर्म करती दिखाई दे रही हैं। आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले ही प्रियंका चोपड़ा ने इस वेब शो से अपना फर्स्ट लुक भी शेयर किया था, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
एक्शन करती नजर आईं प्रियंका चोपड़ा
वेब सीरीज के टीजर में प्रियंका चोपड़ा और रिचर्ड मैडेन के एक्शन की झलक दिखाई दे रही है। आपको बता दें कि इस वेब सीरीज में प्रियंका चोपड़ा एक जासूस का किरदार निभाती नजर आ रही हैं। इस सीरीज में लेसली मैनविल भी हैं। आगामी 28 अप्रैल 2023 को इस वेब सीरीज के पहले दो एपिसोड का प्रीमियर होगा। वहीं इसका ट्रेलर कल यानी 1 मार्च 2023 को रिलीज किया जाएगा। हाल ही में प्रियंका चोपड़ा ने वेब सीरीज 'सिटाडेल' से अपना फर्स्ट लुक शेयर किया था। उन्होंने इस तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा था- फर्स्ट लुक। इस पर साउथ की फेमस एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु, बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव सहित कई सेलेब्स ने उन्हें जमकर बधाई दी थी।
प्रियंका ने कहा- मैंने ऐसा किरदार कभी नहीं निभाया है
जानकारी के अनुसार 'सिटाडेल' एक साइंस फिक्शन ड्रामा है, जिसे रूसो ब्रदर्स ने बनाया है। प्रियंका ने वैनिटी फेयर को दिए इंटरव्यू में कहा था- मैं बेवकूफ हूं, इसलिए मेरे लिए सबसे बड़ी चुनौती वास्तव में कूल बनना थी। इसमें फिजिकल और इमोशनल कैरेक्टर की डिमांड थी। इसका हिस्सा बनने के लिए मैं खुद को लकी समझती हूं। इसने मेरा दिमाग खोल दिया है। ये कुछ ऐसा है, जिसे पहले कभी टीवी पर करने की कोशिश नहीं की गई और ऐसा करना मेरे लिए बहुत रोमांचक था। आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा जल्द ही बॉलीवुड फिल्म 'जी ले जरा' में नजर आएंगी। इस फिल्म के डायरेक्टर फरहना अख्तर हैं। इस फिल्म में उनके साथ आलिया भट्ट और कैटरीना कैफ भी दिखाई देंगी। इस फिल्म की कहानी ऑल फीमेल रोड ट्रिप पर आधारित है। इसके अलावा प्रियंका चोपड़ा हॉलीवुड फिल्म 'लव अगेन' में भी नजर आंगी। इस फिल्म में वह सैम ह्यूगन के साथ दिखाई देंगी। ये फिल्म मार्च 2023 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।












Click it and Unblock the Notifications