Cannes 2025 के रेड कार्पेट पर नजर आएंगीं बॉलीवुड की 'कश्मीर की कली', क्या रूप होगा मस्ताना?
Cannes 2025: हर साल मई महीने में फ्रांस के सुंदर शहर Cannes में रूपहले पर्दे के कलाकारों का मेला लगता है। रेड कार्पेट पर जब मशहूर अभिनेत्रियां खूबसूरत लिबास और अनोखे मेकअप के साथ कैटवॉक करती हैं,तो उन्हें देखकर अच्छे-अच्छों का दिल डोल जाता है।
सच कहा जाते तो कान फिल्म फेस्टिवल केवल एक फिल्म महोत्सव नहीं, बल्कि संस्कृति, रचनात्मकता और ग्लैमर का संगम है, जहां पहुंचना हर कलाकार के लिए गौरव की बात होती है।

ये फेस्टिवल फिल्मों के माध्यम से दुनिया भर के कलाकारों को एक मंच पर जुड़ने का मौका देता है। आपको बता दें कि कान फिल्म महोत्सव की शुरुआत 1938 में हुई थी, इसे सिनेमा को शांति, स्वतंत्रता और रचनात्मकता के माध्यम से प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया था।
संस्कृति, रचनात्मकता और ग्लैमर का संगम कान
तब से लेकर आज तक यह फेस्टिवल हर साल आयोजित होता है जो कि पूरी दुनिया के फिल्मप्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। भारतीय दर्शकों के लिए इस बार का फेस्टिवल इसलिए भी काफी खास है क्योंकि इस बार Cannes के रेड कार्पेट पर भारत की बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक शर्मिला टैगोर भी नजर आएंगी।
Cannes के रेड कार्पेट पर 'कश्मीर की कली'
80 साल की शर्मिला वहां महान फिल्ममेकर सत्यजीत रे की क्लासिक फिल्म 'अरण्येर दिन रात्रि' के रिस्टोर्ड वर्जन के वर्ल्ड प्रीमियर के लिए मौजूद रहेंगी। यह फिल्म "Cannes क्लासिक्स" सेक्शन में दिखाई जाएगी। आपको बता दें कि शर्मिला इससे पहले 2009 में कान की 'मेन जूरी' में भी शामिल रह चुकी हैं।
शर्मिला के साथ नजर आएंगीं सिमी ग्रेवाल (Cannes)
शर्मिला के साथ रेड कार्पेट पर बीते जमाने की ग्लैमरस अभिनेत्री सिमी ग्रेवाल भी नजर आएंगी। बता दें कि इस फिल्म में शर्मिला के साथ सिमी भी अहम रोल में हैं। इस फिल्म के बारे में बात करते हुए बॉलीवुड की 'कश्मीर की कली' यानी शर्मिला ने मीडिया से कहा कि 'ये मेरे लिए खास है, क्योंकि माणिक दा (रे) की फिल्म का कान्स में वर्ल्ड प्रीमियर होगा और मैं उस हसीन पल की गवाह बनूंगी।'
मालूम हो कि इस फिल्म में शर्मिला और सिमी के अलावा सौमित्र चटर्जी, सुभेंदु चटर्जी, समित भांजा, रोबी घोष, अपर्णा सेन ने भी अहम रोल निभाया है। शर्मिला टैगोर के Cannes में जाने की खबर के बाद से सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है तो वहीं बॉलीवुड के कई सितारों ने भी इस बात पर प्रसन्नता जाहिर की है कि और उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
हर किसी को शर्मिला के रेडकार्पेट लुक का इंतजार
अब चूंकि कान समारोह में कलाकारों का काफी ग्लैमरस लुक दिखता है इसलिए हर किसी को शर्मिला के रेडकार्पेट लुक का इंतजार है, उनके फैंस को पूरी उम्मीद है कि 80 साल की उम्र में भी शर्मिला बड़ा धमाका करेंगी।
एक नजर शर्मिला टैगोर के अब तक के सफर पर...
- शर्मिला टैगोर ने हिंदी और बंगाली फिल्मों में अपनी खूबसूरती और अभिनय से एक अमिट छाप छोड़ी है।
- शर्मिला ने महज 13 साल की उम्र में 1960 में सत्यजीत रे की प्रसिद्ध बंगाली फिल्म 'अपूर संसार' से अपने करियर की शुरुआत की थी।
- हिंदी सिनेमा में शर्मिला टैगोर ने 1964 में फिल्म 'काश्मीर की कली' से कदम रखा थाा।
- आराधना (1969), अमर प्रेम , सफर, चुपके चुपके, अनुपमा, मौसम, दाग, जैसी कई सुपहिट फिल्मों में शर्मिला ने काम किया है।
- शर्मिला टैगोर 1960 और 70 के दशक में अपने बोल्ड और ग्लैमरस अंदाज़ के लिए भी लोकप्रिय रही हैं।
- शर्मिला ने साल 1975 में मशहूर क्रिकेटर नवाब मंसूर अली खान पटौदी से विवाह किया था, जिससे उनके तीन बच्चे हैं,सैफ, सोहा और सबा अली खान हैं।














Click it and Unblock the Notifications