बोमन ईरानी के ससुर का निधन, एक्टर ने सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट से यूं दी विदाई
मुंबई, 07 सितंबर। फिल्म अभिनेता बोमन ईरानी के ससुर का सोमवार को 86 साल की उम्र में निधन हो गया। खुद बोमन ईरानी ने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया पर दी है। बोमन ईरानी ने अपने ससुर के देहांत के बाद उनके साथ अपने भावुक लगाव को साझा करते हुए दुख जाहिर किया। इंस्टाग्राम पर लिखे इमोशनल पोस्ट में बोमन ईरानी ने कहा कि वो महान व्यक्ति थे। उन्होंने कभी भी अच्छा करने का मौका नहीं गंवाया।

आप बहुत याद आएंगे
बोमन ईरानी ने पोस्ट में लिखा, उन्होंने कभी भी कोई शिकायत नहीं की, वह हमेशा शुक्रगुजार रहते थे,उनके जैसे ईमानदार व्यक्ति से ना तो मैं कभी मिला और ना ही देखा। जीवन के 86 बेहतरीन साल उन्होंने अच्छे से बिताए और लोगों से इसका जश्न मनाने की अपील की। जेनोबिया के पिता और हीरो परवेज ने मुझे और मेरे बेटों को प्रेरणा दी। उन्होंने परफेक्शन के साथ बेहतरीन पारी खेली,आप हमे बहुत याद आएंगे।
बोमन के बेटे ने भी शेयर की इमोशनल पोस्ट
बोमन ईरानी ने अपने ससुर की एक बेहतरीन तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। बोमन ईरानी के बेटे कायोजे ईरानी ने भी अपने नाना के निधन पर दुख जाहिर। अपने नाना के साथ की कुछ यादगार तस्वीरें कायोजे ने इंस्टाग्राम पर शेयर की है। उन्होंने लिखा, नाना जी आपकी आत्मा को शांति मिले, आज जब मैं जगा और नाना को गुड मॉर्निंग कहने के लिए गया तो पता चला कि उन्होंने अपनी अंतिम सांस ले ली है। मैं और मेरे नाना ने कई अच्छे पल एक साथ गुजारे हैं। हमारा ट्रेन के लिए प्यार और एक साथ डिनर पर पुराने किस्सों को सुनने का प्रेम अलग ही था।
मां का भी हुआ था हाल में निधन
गौर करने वाली बात है कि बोमन ईरानी की मां का भी इसी साल जून माह में निधन हो गया था। ऐसे में अब जिस तरह से कुछ ही महीनों के बाद उनके ससुर का निधन हुआ है उससे बोमन काफी आहत और दुखी हैं। बोमन ईरानी के ससुर के निधन पर फिल्म इंडस्ट्री की तमाम हस्तियों ने शोक जाहिर करते हुए बोमन ईरानी के प्रति संवेदना प्रकट की है। बता दें कि जल्द ही बोमन ईरानी फिल्म 83 में नजर आएंगे। फिल्म में रणवीर सिंह कपिल देव के किरदार में नजर आएंगे। 83 के अलावा बोमन ईरानी मेडे में भी नजर आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications