पंडित बिरजू महाराज के निधन पर दुख में डूबा बॉलीवुड, हर कोई कर रहा याद
मुंबई, 17 जनवरी। दिग्गज कथक डांसर पंडित बिरजू महाराज के निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है। तमाम फिल्मी हस्तियों ने बिरजू महाराज के निधन पर शोक जाहिर किया है और उनके साथ बिताए गए समय और अपने अनुभव को साझा किया है। बता दें कि बिरजू महाराज का 83 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। बिरजू महाराज को उनके बेहतरीन नृत्य के लिए पद्म भूषण अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है। उन्होंने कई फिल्मों में भी डांस को कंपोज किया है।

लोकगीत गायिका मालिनी अवस्थी ने बिरजू महाराज के निधन पर उन्हें याद करते हुए लिखा, आज भारतीय संगीत की लय थम गई। सुर मौन हो गए। भाव शून्य हो गए। कत्थक के सरताज पंडित बिरजू महाराज जी नही रहे। लखनऊ की ड्योढ़ी आज सूनी हो गई। कालिकाबिंदादीन जी की गौरवशाली परंपरा की सुगंध विश्व भर में प्रसरित करने वाले महाराज जी अनंत में विलीन हो गए। आह!अपूर्णीय क्षति है यह। ॐ शांति।
वहीं अदनान सामी ने लिखा मैं दिग्गज कथक डांसर पंडित बिरजू महाराज जी के निधन की खबर से बहुत ज्यादा दुखी हूं। हमने एक कला के क्षेत्र में एक बेहतरीन संस्थान को खो दिया है। उन्होंने अपनी कला से कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी बिरजू महाराज के निधन पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि बिरजू महाराज के निधन से बहुत ज्यादा दुखी हूं। वह अपने आप में ही एक संस्था थे। कला के क्षेत्र में यह एक बड़ी क्षति है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, शिष्यों और चाहने वालों के साथ हैं।


Click it and Unblock the Notifications
