क्या बॉलीवुड दे रहा है डिप्रेशन? स्ट्रेस के चलते इन 5 एक्टरों की गई जान, आखिर क्या थी मौत की असली वजह?
बॉलीवुड एक्ट्रेस काजोल के साथ वेब सीरीज 'द ट्रायल' में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस नूर मालबिका दास की मौत ने पूरी इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नूर मालबिका दास का सड़ा-गला शव मुंबई के लोखंडवाला में स्थित उनके किराए के अपार्टमेंट में मिला था।
एक्ट्रेस की मौत की खबर जब उनके घरवालों को दी गई तो परिवार वालों ने उनका शव लेने से मना कर दिया था। इसके बाद परिवार की तरफ से बयान आया कि नूर डिप्रेशन से जूझ रही थीं और बॉलीवुड में करियर न चल पाने की वजह से वह तनाव में आ गई थीं।

आपको बता दें कि इस इंडस्ट्री में नूर मालबिका दास ही नहीं और भी कई ऐसे कलाकार रहे हैं जो डिप्रेशन से ग्रस्त थे और आखिरकार उन्होंने परेशान होकर अपनी जान दे दी। सुशांत सिंह राजपूत से लेकर आसिफ बसरा तक की मौत को भी डिप्रेशन के साथ जोड़ा गया था। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ कलाकारों के बारे में।
सुशांत सिंह राजपूत
14 जून 2020 को बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने मौत को गले लगा लिया था। उनका शव मुंबई स्थित उनके फ्लैट से बरामद हुआ था। सुशांत की मौत के समय कहा जा रहा था कि उन्होंने सुसाइड कर लिया है लेकिन एक्टर के परिवार के साथ साथ कई रिपोर्ट्स में भी ये दावा किया गया था कि सुशांत को मारा गया है। उनका परिवार आज भी न्याय के लिए भटक रहा है। सुशांत की मौत के साथ ये दावा भी किया गया कि वो डिप्रेशन से जूझ रहे थे। सुशांत बॉलीवुड में अपनी जगह बनाने के लिए काफी स्ट्रेस में आ गए थे।
आसिफ बसरा
बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में अपनी एक्टिंग का जादू चलाने वाले आसिफ बसरा नवंबर 2020 में हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला के एक निजी परिसर में मृत पाए गए थे। 'पाताल लोक' एक्टर की कथित तौर पर आत्महत्या से मौत हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि काम न मिलने के कारण वह डिप्रेशन से जूझ रहे थे। आपको बता दें कि साल 2020 में कोरोना वायरस ने पूरे देश में तबाही मचा दी थी। उस दौरान कई लोग बेरोजगार हुए थे। ऐसे में आसिफ बसरा के पास भी कोई काम नहीं था।
प्रेक्षा मेहता
'क्राइम पेट्रोल' में नजर आने वाली एक्ट्रेस प्रेक्षा मेहता ने 26 मई 2020 को अपने इंदौर स्थित घर में सुसाइड कर लिया था। कहा गया था कि वह डिप्रेशन से जूझ रही थीं। अपने करियर और खराब रिलेशनशिप के कारण उन्होंने मौत को गले लगा लिया था।
कुशाल पंजाबी
टीवी और फिल्मों के फेमस एक्टर कुशाल पंजाबी ने 26 दिसंबर 2019 को मुंबई के पाली हिल्स में अपने घर पर सुसाइड कर लिया था। कहा गया था कि वह डिप्रेशन से जूझ रहे थे। उन्होंने अपने सुसाइड नोट में लिखा था कि वह काम न मिलने के चलते परेशान हैं और उनकी प्रॉपर्टी पैरेंट्स और बेटे में बांट दी जाए।
मनमीत ग्रेवाल
एक्टर मनमीत ग्रेवाल ने 32 साल की उम्र में आर्थिक तंगी और डिप्रेशन के चलते मौत को गले लगा लिया था। खबर है कि लॉकडाउन में मनमीत को कोई काम नहीं मिल रहा था। वहीं जब पुलिस ने उनके मौत की जांच की तो पता चला कि वह पैसे की तंगी से गुजर रहे थे और ऐसे में उन्होंने काफी सारा कर्ज ले रखा था।












Click it and Unblock the Notifications