मनोज बाजपेयी के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, एक साल के भीतर तीसरी मौत
नई दिल्ली, 10 फरवरी: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी के परिवार से बुरी खबर मिल रही है। गुरुवार सुबह मनोज बाजपेयी की सास का निधन हो गया। मनोज बाजपेयी की सास शकीला रजा ने दिल्ली में दम तोड़ दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मनोज बाजपेयी की वाइफ शबाना रजा यानी नेहा बाजपेयी की मां की कुछ दिनों से स्थिति बेहद नाजुक थी, जिनका गुरुवार को इंतकाल हो गया।

लंबी बीमारी के चलते हुआ निधन
मनोज बाजपेयी की सास शकीला रजा का आज दिल्ली में निधन हो गया। शबाना की मां की पिछले कुछ दिनों से लंबी बीमारी के चलते हालत काफी नाजुक थी। जानकारी के मुताबिक वो लंबे समय कैंसर से जूझ रही थीं। मनोज अपने अगले प्रोजेक्ट की शूटिंग कर रहे थे, लेकिन शेड्यूल को रोक दिया और इस मुश्किल घड़ी में अपने परिवार के साथ दिल्ली पहुंचे गए हैं।

परिवार में एक साल में यह तीसरी मौत
नेहा के नाम से मशहूर शबाना रजा ने पिछले साल अपने पिता को खोया था और इस साल उनके सिर से उनकी मां का साया उठ गया। बता दें कि मनोज के परिवार में एक साल में यह तीसरी मौत है, अभिनेता ने हाल ही में अपने पिता को खो दिया था, जिनकी उम्र 83 साल थी और वह उम्र संबंधी समस्याओं से पीड़ित थे। दूसरी ओर शबाना के माता-पिता का भी एक साल के भीतर निधन हो गया।

पिछले साल मनोज ने खोए थे अपने पिता
पिछले साल मनोज बाजपेयी के अपने पिता के निधन के बाद अपने सभी चाहने वालों और दोस्तों का शुक्रिया अदा किया था, जिन्होंने कठिन दौर में उनका समर्थन किया। मनोज ने लिखा था कि मेरे पिता के निधन पर प्रार्थना भेजने के लिए आप सभी का धन्यवाद, जो मेरे लिए इस तरह की कठिन यात्रा का एकमात्र समर्थन था।

कई फिल्मों में काम कर चुकीं नेहा
बता दें कि मनोज बाजपेयी की वाइफ नेहा भी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। हालांकि साल 2006 में मनोज से शादी के बाद उन्होंने फिल्मों को अलविदा कह दिया। उन्होंने अपने फिल्मी करियर में 'करीब', 'होगी प्यार की जीत', 'फिजा' और कोई मेरे दिल में है जैसी फिल्मों एक्ट्रेस की भूमिका निभाई हैं। गौरतलब है कि फिल्म करीब से डेब्यू करते वक्त डायरेक्टर विधु विनोद चोपड़ा ने उनका नाम शबाना रजा से नेहा कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications