Bigg Boss 20: 'बिग बॉस 20' को लेकर क्यों भड़के Lalit Modi? जारी हुआ लीगल नोटिस, क्या है मामला?
Bigg Boss 20: 'बिग बॉस 20' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है। सलमान खान का ये मोस्ट अवेटेड रिएलिटी शो आगामी 6 सितंबर 2026 से शुरू होने जा रहा है। शो में कौन-कौन से कंटेस्टेंट नजर आएंगे, इसे लेकर लगातार अलग-अलग नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि अभी तक मेकर्स की ओर से किसी भी कंटेस्टेंट के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
'बिग बॉस 20' से जुड़ा बिजनेसमैन ललित मोदी का नाम
इसी बीच आईपीएल के संस्थापक और बिजनेसमैन ललित मोदी का नाम भी 'बिग बॉस 20' से जोड़ा जाने लगा, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई है। ललित मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए साफ कर दिया है कि वह 'बिग बॉस 20' का हिस्सा नहीं बनने जा रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा है कि शो के मेकर्स की ओर से उन्हें इसके लिए अप्रोच तक नहीं किया गया है। इतना ही नहीं, ललित मोदी ने स्पष्ट किया कि उनकी शो में शामिल होने की कोई इच्छा भी नहीं है।

'बिग बॉस 20' में हिस्सा लेने की बात को ललित मोदी ने बताया फर्जी
-अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर ललित मोदी ने इस खबर पर नाराजगी जताते हुए लिखा है कि उनसे 'बिग बॉस 20' के लिए किसी ने संपर्क नहीं किया है और वह शो में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। उन्होंने हैरानी जताई कि बिना संबंधित व्यक्ति से पुष्टि किए एक मनगढ़ंत कहानी को खबर के तौर पर कैसे प्रकाशित किया जा सकता है।
-ललित मोदी ने अपनी पोस्ट में मीडिया रिपोर्ट्स पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी खबर को प्रकाशित करने से पहले संबंधित व्यक्ति से उसकी पुष्टि करना जरूरी है। उन्होंने ये भी बताया कि इस मामले में उनके वकीलों ने कानूनी नोटिस जारी किया है।
-ललित मोदी ने लिखा है- मुझसे 'बिग बॉस 20' के लिए कोई संपर्क नहीं किया गया है। मैं 'बिग बॉस 20' में हिस्सा नहीं ले रहा हूं और मेरा ऐसा करने का कोई इरादा भी नहीं है। हैरानी की बात है कि कैसे एक पूरी तरह से मनगढ़ंत कहानी खबर बन जाती है जबकि किसी ने भी संबंधित व्यक्ति से पूछने की जहमत नहीं उठाई। ललित मोदी ने आगे बताया कि उनके वकीलों ने संबंधित लोगों को नोटिस भेजा है और उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी किसी खबर को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि की जाएगी।
ललित मोदी के वकील ने भेजा कानूनी नोटिस
ललित मोदी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के साथ कानूनी नोटिस भी शेयर किया है। बताया गया है कि हिरानी एंड एसोसिएट्स की ओर से उन मीडिया पब्लिशिंग हाउस और सोशल मीडिया हैंडल्स को नोटिस भेजा गया है, जिन्होंने ललित मोदी के 'बिग बॉस 20' में शामिल होने की खबरें प्रकाशित या प्रसारित की थीं। इस नोटिस के जरिए संबंधित पक्षों को इन दावों को लेकर चेतावनी दी गई है। ललित मोदी की पोस्ट के बाद साफ हो गया है कि फिलहाल 'बिग बॉस 20' में उनके शामिल होने की खबरों की कोई पुष्टि नहीं है।
क्या है 'बिग बॉस 20'की थीम?
वहीं 'बिग बॉस 20' की बात करें तो इस बार शो में दर्शकों को कई नए ट्विस्ट देखने को मिलेंगे। इस सीजन की थीम भी पिछले सीजन्स से अलग बताई जा रही है। शो के प्रोमो में 'एक्स्ट्रा जीवनदान' जैसे ट्विस्ट की झलक दिखाई गई है, जिससे कंटेस्टेंट्स के गेम में नया मोड़ आने की उम्मीद है। इस बार घर में कंटेस्टेंट्स के सामने बड़े रिस्क, नई चुनौतियां और कई तरह के ट्विस्ट देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में शो को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है।
6 सितंबर 2026 से शुरू होगा 'बिग बॉस 20'
'बिग बॉस' का नया 20वां सीजन आगामी 6 सितंबर 2026 से शुरू होने वाला है। हर बार की तरह इस सीजन को भी सलमान खान होस्ट करते नजर आएंगे। शो का प्रसारण कलर्स चैनल पर किया जाएगा जबकि दर्शक इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर भी देख सकेंगे। फिलहाल कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक लिस्ट का इंतजार है। ऐसे में शो शुरू होने से पहले सामने आ रहे नामों को लेकर आधिकारिक घोषणा होने तक किसी भी दावे को पक्की खबर मानना सही नहीं होगा।


Click it and Unblock the Notifications
