'बिग बॉस ओटीटी 2' विनर एल्विश यादव के साथ हुई बड़ी घटना, फोन कर मांगी एक करोड़ की रंगदारी, एक गिरफ्तार
Elvish Yadav: यूट्यूबर, सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर और 'बिग बॉस ओटीटी 2' के विनर एल्विश यादव को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि हाल ही में कुछ अज्ञात लोगों ने एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के लिए एल्विश यादव को फोन किया था। वहीं एल्विश ने उन अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। एल्विश यादव की शिकायत के बाद गुरुग्राम पुलिस ने उन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और इस मामले में एक शख्स को गिरफ्तार भी किया गया है।
गुजरात से एक व्यक्ति को किया गया है गिरफ्तार
खबर है कि गुरुग्राम पुलिस ने बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव को जबरन वसूली कॉल करने के मामले में गुजरात से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एसीपी क्राइम ब्रांच वरुण दहिया ने बताया- गुरुग्राम पुलिस ने गुजरात पुलिस के सहयोग से वडनगर के रहने वाले शाकिर मकरानी को गिरफ्तार किया है। वह एल्विश यादव से काफी प्रभावित था। उसने पैसे कमाने के लिए एल्विश को जबरन वसूली कॉल करने की ये योजना बनाई थी।

रंगदारी मांगने के लिए एल्विश यादव को फोन
इंडियाटुडे की रिपोर्ट के मुताबिक गत 25 अक्टूबर 2023 को दर्ज की गई शिकायत में एल्विश यादव ने कहा कि उन्हें अज्ञात कॉलर ने 1 करोड़ रुपये की मांग करते हुए फोन किया था। तब एल्विश यादव वजीराबाद गांव के आसपास मौजूद थे। एल्विश यादव के मुताबिक उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता कि ये फोन किसने किया था। पुलिस ने उनकी शिकायत पर तुरंत ही केस दर्ज कर लिया था और मामले की जांच शुरू कर दी थी। इस केस में अब एक शख्स की गिरफ्तारी हो चुकी है।
यूट्यूबर और सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर हैं एल्विश यादव
आपको बता दें कि एल्विश यादव एक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर होने के साथ साथ यूट्यूबर भी हैं। उनके दो यूट्यूब चैनल हैं जिसके चलते वह काफी फेमस हो गए हैं। एल्विश यादव की पॉपुलैरिटी 'बिग बॉस ओटीटी 2' के विनर बनने के बाद से और ज्यादा बढ़ गई है। इसके अलावा एल्विश यादव ने कुछ म्यूजिक वीडियोज में भी काम किया है। एल्विश अपने यूट्यूब चैनल क लिए कई व्लॉग्स बनाते रहते हैं।
एल्विश यादव काफी लग्जरी लाइफ जीते हैं
जानकारी के अनुसार एल्विश यादव ने साल 2016 में अपने यूट्यूब चैनल की शुरुआत की थी और आज वह इसके चलते ही करोड़ों के मालिक बन गए हैं। एल्विश यादव काफी लग्जरी लाइफ जीते हैं। उनके पास कई लग्जीरियस घर के साथ साथ करोड़ों रुपए की महंगी गाड़ियां भी हैं। आपको बता दें कि 'बिग बॉस ओटीटी 2' जीतने के बाद एल्विश यादव ने दुबई में एक आलीशान फ्लैट भी खरीदा है जिसकी कीमत करोड़ों में हैं।












Click it and Unblock the Notifications