दीपेश भान के बाद 'भाभी जी घर पर हैं...' शो से एक और बुरी खबर, इस एक्टर के बेटे का निधन
टेलीविजन के मशहूर शो 'भाभी जी घर पर हैं' के एक्टर दीपेश भान के निधन के बाद इस सीरियल से एक और बुरी खबर आई है।
मुंबई, 28 सितंबर: टेलीविजन के मशहूर शो 'भाभी जी घर पर हैं' के एक्टर दीपेश भान के निधन के बाद इस सीरियल से एक और बुरी खबर आई है। शो में डॉक्टर का रोल करने वाले एक्टर जीतू गुप्ता के 19 साल के बेटे आयुष का निधन हो गया है। जीतू गुप्ता ने अपने फेसबुक पेज पर इस बात की जानकारी दी है। जीतू गुप्ता के बेटे आयुष अस्पताल में भर्ती थे और उनकी हालत काफी गंभीर बनी हुई थी। इससे पहले जुलाई के महीने में ही इस शो में मलखान की भूमिका निभाने वाले दीपेश भान की ब्रेन हैमरेज की वजह से मौत हो गई थी।

'नहीं रहा मेरा बाबू आयुष'
जीतू गुप्ता ने बुधवार को अपने फेसबुक पेज पर बेटे आयुष की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'नहीं रहा मेरा बाबू आयुष'। इसके बाद कॉमेडियन सुनील पाल ने भी अपने फेसबुक पेज पर इस पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, 'ईश्वर आत्मा को शांति प्रदान करें, भाभीजी घर पर हैं के एक्टर मेरे भाई जीतू के सुपुत्र आयुष नहीं रहे, वो 19 साल के थे।'

अस्पताल में सीरियस थी आयुष की हालत
इससे पहले एक पोस्ट में जीतू गुप्ता ने अपने बेटे के अस्पताल में भर्ती होने की बात बताई थी। जीतू गुप्ता ने पोस्ट में लिखा था, 'बेटे आयुष के बारे में पोस्ट पढ़ने के बाद आप सब की लगातार कॉल उसके हाल पूछने के लिए आ रही हैं, लेकिन आप लोगों से हाथ जोड़कर अनुरोध है सिर्फ अपने आशीर्वाद और भगवान से प्रार्थना करें क्योंकि इस वक्त उसकी हालत बहुत सीरियस है, मैं बिल्कुल बात करने की स्थिति में नहीं हूं और संभव नहीं है कि इतने सारे कॉल...'।

'एक सदस्य ना हो तो घर कितना अधूरा लगता है'
जीतू गुप्ता के बेटे के निधन की खबर पर उनके दोस्तों ने दुख जताया है और फैंस उनकी पोस्ट पर कमेंट कर शोक प्रकट कर रहे हैं। 'भाभी जी घर पर हैं' शो में जीतू गुप्ता डॉक्टर का किरदार निभाते हैं और उनके इस रोल को दर्शकों के बीच काफी पंसद किया जाता है। पिछले दिनों दीपेश भान के निधन के बाद जीतू गुप्ता ने फेसबुक एक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें भाभी जी घर पर हैं के 'मलखान' नहीं थे। इस तस्वीर के कैप्शन में जीतू गुप्ता ने लिखा था, 'एक सदस्य ना हो तो घर कितना अधूरा लगता है..?'












Click it and Unblock the Notifications