Baaghi 4: टाइगर श्रॉफ की उस फिल्म का टीजर आया, जिसे देख ऑडियंस हो जाएगी 'बागी'
Baaghi 4 Teaser Review: साल 2023 में फिल्म आई 'एनिमल' इसमें भयंकर वायलेंस दिखाया गया। फिल्म ब्लॉकबस्टर हुई। फिर आया साल 2024 और फिल्म आई 'मार्को' जो और ज्यादा मारकाट और खून खराबे से लैस थी। दोनों ही फिल्मों में एक चीज कॉमन थी। जिसने फिल्म को हिट बनाया। इसी फेहरिस्त में एक और फिल्म आ रही है। इसका आज टीजर आया है।
हम बात कर रहें हैं टाइगर श्रॉफ की 'बागी' फ्रैंचाइज की चौथी किश्त की। इसका नाम है Baaghi 4, जिसमें उनके साथ हरनाज कौर संधू, सोनम बाजवा और संजय दत्त नजर आएंगे। अब बात करते हैं 1:49 मिनट के टीजर की। जिसमें सबकुछ दिखा दिया गया है। लेकिन एक चीज नहीं दिखाई गई, जिसके बारे में हम बात करेंगे।

फिल्म का ट्रेलर खुलता है और हीरो बिल्डिंग की छत पर लेटे हुए कहता है - जरूरत और जरूरी में फर्क होता है। अलीशा मेंरी जरूरत थी। इसके बाद एक पल में इमोशन चेंज होते हैं और सीन में करुण रस छा जाता है। लेकिन ये बहुत देर तक नहीं रहता है। अभी भी हीरो का चेहरा नहीं दिखाया जाता है। ऐसा लगता है कि उसे किसी बड़े धमाके के साथ दिखाएंगे। लेकिन...नहीं मेकर्स यहां 2 सेकेंड में हीरो और विलन दोनों को दिखाते हैं। वो हथियार से लोगों को काट रहे हैं। ऐसे जैसे हमारे यहां शादियों या किसी फंक्शन में हलवाई मूली और गाजर काटते हैं। अभी बस 30 सेकेंड का ही हुए हैं। 31वे सेकेंड में हीरो यानी द ग्रेट टाइगर श्रॉफ की पीठ दिखती। इसके बाद फिर शुरू होता नरसंहार। जिसमें हीरो और विलन के साथ हीरोइन भी मार-काट रही हैं।
इन सब में एक चीज गायब है एक्सप्रेशन। फर्ज कीजिए आप किसी को मार- काट रहे हैं। तो उसका कोई कारण होगा। आप गुस्से में होंगे या बदला ले रहे होंगे। ऐसे में आपके चेहरे में वो हाव-भाव दिखेगा। लेकिन मजाल है यहां हमारे हीरो-हीरोइन के चेहरे में ऐसा कुछ दिख जाए। ऊपर से मेकर्स ने इसे और रोचक बनाने के लिए बी-प्राक की आवाज में एक दर्दीला गाने का अंतरा भी घुसेड़ दिया है। हीरो एक जगह खौफनाक एक्सप्रेशन देता है। जो देख कर ऐसा लग रहा है कि मजबूरी में दिया है। ख़ैर टीजर के खत्म होने के पहले हीरो एक गंभीर लाइन बोलता है। हर आशिक एक विलन है। ये लाइन तो बहुत जबरदस्त है, लेकिन हीरो ने इसे जबरदस्ती बना दिया है।
ख़ैर अभी बागी 4 का टीजर मात्र आया है। इसका ट्रेलर और फिल्म आनी बाकी है। बागी जैसी महान फ्रैंचाइज की शुरुआत 2016 में हुई थी। जिसके हीरो टाइगर श्रॉफ ही थे। तब से लेकर अब तक बहुत कुछ बदला। दर्शकों का सिनेमा के प्रति टेस्ट, कहानी और सिनेमा से ओटीटी की तरफ मुड़ाव। लेकिन जो चीजें नहीं बदलीं उनमें टाइगर श्रॉफ की एक्टिंग, डायलॉग डिलेवरी और उनकी फिल्मों में की कहानी में जबरदस्त क्रिंजीनेस।












Click it and Unblock the Notifications